पद संभालते ही एक्शन में नए ऊर्जा प्रमुख सचिव, यूपी की बिजली व्यवस्था में किया बड़ा बदलाव
प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने कार्यभार संभालने के बाद पहली बार स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) का निरीक्षण किया।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने एसएलडीसी का निरीक्षण किया।
अधिकारियों को सेंटर के आधुनिकीकरण का निर्देश दिया।
अक्टूबर तक बिजली की अधिक मांग पर सावधानी बरतने को कहा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रमुख सचिव ऊर्जा और पावर कारपोरेशन अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को पहली बार स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से एसएलडीसी की कार्यप्रणाली, रियल टाइम ग्रिड मॉनिटरिंग और लोड प्रबंधन की जानकारी ली। सेंटर के आधुनिकीकरण का काम कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की विद्युत व्यवस्था में एसएलडीसी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां से विद्युत भार का रियल टाइम आंकलन और पूर्वानुमान किया जाता है। उत्पादन इकाइयों से प्राप्त बिजली और वितरण निगमों की मांग के बीच संतुलन बनाए रखने का कार्य भी यहीं होता है।
ग्रिड की फ्रीक्वेंसी को स्थिर रखने के साथ ही लाइनों को ओवरलोड होने से बचाने का काम भी होता है। उन्होंने अक्टूबर तक संभावित बिजली की अधिक मांग को देखते हुए लोड डिस्पैच में सावधानी बरतने की आवश्यकता पर बल दिया।
