विद्युत वितरण की वर्टिकल व्यवस्था की जांच कराए सरकार, 1912 पर सुनवाई ना होने पर तय हो जवाबदेही: उपभोक्ता परिषद
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने यूपी में बिजली वितरण की वर्टिकल व्यवस्था और टोल फ्री नंबर 1912 की खराब सेवाओं पर चिंता जताई है।

HighLights
विद्युत उपभोक्ता परिषद ने वितरण प्रणाली की विफलता पर चिंता जताई।
टोल फ्री नंबर 1912 पर उपभोक्ताओं की शिकायतें अनसुनी।
सरकार से वर्टिकल व्यवस्था की जांच और जवाबदेही की मांग।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने विद्युत नियामक आयोग के निर्देशों के बाद भी विद्युत वितरण प्रणाली की वर्टिकल व्यवस्था और उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण के लिए संचालित कस्टमर केयर टोल फ्री नंबर 1912 की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर चिंता जताई है।
कहा है कि ये दोनों व्यवस्थाएं नहीं सुधरने से उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कराने में दिक्कतें हो रही हैं। प्रदेश सरकार से वर्टिकल व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा है कि दो जुलाई को जारी टैरिफ आदेश में नियामक आयोग ने बिजली कंपनियों को वर्टिकल व्यवस्था और कस्टमर केयर नंबर 1912 की सेवाओं में सुधार करने के निर्देश दिए थे, लेकिन बिजली कंपनियों की तरफ से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। वर्टिकल व्यवस्था पूरी तरह विफल है।
नहीं हो रहा समाधान
आयोग ने इस व्यवस्था के तहत उपकेंद्र व फीडर स्तर तक पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही कस्टमर केयर नंबर 1912 पर उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है।
यह भी पढ़ें- यूपी के 17 डायट में वरिष्ठ प्रवक्ताओं को मिला प्राचार्य पद का प्रभार, वरिष्ठता के आधार पर फैसला
इस लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा है कि उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए परिषद जल्द ही इन दोनों मुद्दों को नियामक आयोग में उठाएगा।
