यूपी चुनाव से पहले 54 जिलों में होगी EVM की चेकिंग, वाराणसी और लखनऊ के निर्वाचन अधिकारी सीखेंगे FLC प्रकिया
भारत निर्वाचन आयोग अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की तैयारी में है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
विधानसभा चुनाव हेतु ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच प्रक्रिया तेज।
वाराणसी में 11 सितंबर को छह मंडलों के अधिकारियों की कार्यशाला।
लखनऊ में 14 सितंबर को सात मंडलों के अधिकारियों को प्रशिक्षण मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अगले वर्ष होने वाले विधान सभा चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पहले चरण में प्रदेश के 21 जिलों में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कराने के बाद अब शेष 54 जिलों में भी इसकी प्रक्रिया शुरू कराने की तैयारी है।
इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों और उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को एफएलसी की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
वाराणसी में 11 सितंबर शुक्रवार को छह मंडलों वाराणसी, प्रयागराज, मीरजापुर, आजमगढ़, गोरखपुर व बस्ती के जिलों के अधिकारियों की कार्यशाला होगी। इसमें संबंधित जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल होंगे।
कार्यशाला में अधिकारियों को ईवीएम की एफएलसी कराने की पूरी प्रक्रिया, सावधानियों और आयोग के निर्धारित मानकों के बारे में बताया जाएगा। इसमें ईवीएम बनाने वाली कंपनी बीईएल के इंजीनियर भी शामिल होंगे।
आगे बढ़ाई जाएगी फएलसी की प्रक्रिया
इसके बाद 14 सितंबर को लखनऊ में सात मंडलों लखनऊ, कानपुर, झांसी, चित्रकूट, मुरादाबाद, देवीपाटन व अयोध्या के जिलों के अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यहां भी अधिकारियों को ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशालाओं के बाद संबंधित जिलों में ईवीएम की एफएलसी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- 6.36 करोड़ से होगा 4 नई सड़कों का निर्माण, सुलतानपुर के दर्जनों गांवों को मिलेगी सुविधा
चुनाव से पहले ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच को महत्वपूर्ण प्रक्रिया माना जाता है। इसमें मशीनों की तकनीकी स्थिति और कार्यशीलता की जांच के साथ यह सुनिश्चित किया जाता है कि चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम निर्धारित मानकों के अनुरूप हों। आयोग की ओर से जिलों में यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी कराई जा रही है।
