उत्तर प्रदेश में चुनाव का दौर, विधान परिषद की 11 व राज्यसभा की दस सीटों के लिए नामांकन आज से
UP Election 2026: विधान परिषद सदस्यों के नामांकन लखनऊ, मेरठ, आगरा, वाराणसी, बरेली, झांसी एवं गोरखपुर में होंगे। विधान परिषद ...और पढ़ें

विधान भवन में होंगे राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन
HighLights
छह अक्टूबर तक होगा नामांकन, विधान भवन में होंगे राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन
विधान परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए लखनऊ सहित सात मंडलों में भरे जाएंगे पर्चे
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश चुनाव के दौर में है। विधान परिषद की 11 और राज्यसभा की दस सीटों के लिए अधिसूचना मंगलवार को जारी होगी।
अधिसूचना मंगलवार को जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर है। राज्यसभा सदस्यों के लिए विधान भवन में दिन में 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे।
विधान परिषद सदस्यों के नामांकन लखनऊ, मेरठ, आगरा, वाराणसी, बरेली, झांसी एवं गोरखपुर में होंगे। विधान परिषद के लिए 23 अक्टूबर व राज्यसभा के लिए 16 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे।
विधान परिषद की जिन 11 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है। इसके रिटर्निंग अफसर मंडलायुक्त होते हैं।
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद (एमएलसी) सीटों में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। संबंधित सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। उत्तर प्रदेश की दस राज्यसभा सीटों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है, जिसके लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार को सभी मंडलायुक्त के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर उन्हें नामांकन का प्रशिक्षण भी दिया। राज्यसभा के दस सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होगा।
विधान परिषद की शिक्षक व स्नातक सीटों का चुनाव संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता करेंगे। राज्यसभा के सदस्यों का निर्वाचन विधानसभा के निर्वाचित सदस्य करेंगे।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार विधान परिषद के चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
राज्यसभा सीटों के लिए भी नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को तथा नौ अक्टूबर को नाम वापसी होगी। 16 अक्टूबर को सुबह नौ से शाम चार बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना शुरू होगी।
चुनाव का पूरा कार्यक्रम
- अधिसूचना जारी होना: 29 सितंबर 2026
- नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अक्टूबर 2026
- नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी): 7 अक्टूबर 2026
- नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 अक्टूबर 2026
- राज्यसभा मतदान: 16 अक्टूबर 2026
- विधान परिषद मतदान: 23 अक्टूबर 2026 (सुबह 8:00 से शाम 4:00 बजे तक)
- मतगणना: 27 अक्टूबर 2026
- प्रक्रिया समाप्ति: 31 अक्टूबर 2026।
