विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अगस्त से अक्टूबर के बीच क्लास के बाहर की दुनिया देखेंगे दिव्यांग बच्चे, यूपी के हर जिले में जारी आदेश

Published: Mon, 10 Aug 2026 08:05 AM (IST)

दिव्यांग बच्चों को अब किताबों के साथ बाहरी दुनिया का अनुभव भी मिलेगा। समग्र शिक्षा के तहत यूपी के सभी ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। किताबों और कक्षा की पढ़ाई के साथ अब दिव्यांग बच्चे बाहर की दुनिया भी देखेंगे और उससे सीखेंगे। समग्र शिक्षा के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में अगस्त से अक्टूबर के बीच तीन-तीन एक्सपोजर विजिट कराई जाएंगी। इस तरह कुल 225 भ्रमण होंगे।

प्रत्येक विजिट में 50 दिव्यांग बच्चों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए हर जिले को 1.50 लाख रुपये दिए गए हैं। एक भ्रमण पर अधिकतम 50 हजार रुपये खर्च किए जा सकेंगे।

समग्र शिक्षा राज्य परियोजना निदेशालय से सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बच्चों का चयन इस तरह किया जाए कि विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं वाले विद्यार्थियों को भ्रमण का अवसर मिल सके।

किसी भी बच्चे को शामिल करने से पहले उसके माता-पिता या अभिभावक की लिखित सहमति लेना अनिवार्य होगा। भ्रमण के लिए जिले या आसपास के जिले में ऐसा स्थान चुना जाएगा, जो बच्चों के लिए सुरक्षित और सुगम्य होने के साथ ज्ञान बढ़ाने वाला हो। ऐतिहासिक स्थल भी इसके लिए चुने जा सकेंगे।

बच्चों को छोटे-छोटे समूहों में बांटा जाएगा। उनकी सुरक्षा और सहयोग की जिम्मेदारी स्पेशल एजुकेटर्स की होगी। वहीं, तीन दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस पर जिलों में कार्यक्रम होंगे।

इसके लिए प्रत्येक जिले को एक लाख रुपये की दर से कुल 75 लाख रुपये जारी किए जा रहे हैं। ब्लॉक और तहसील स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में चयनित बच्चों के लिए जनपद स्तरीय प्रतियोगिता कराने की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बलिया में स्कूलों में 10 शनिवार रहेगा बैगलेस डे, मिट्टी से खिलौने बनाएंगे बच्चे