यूपी का गौरव बढ़ाने वाली वर्षा बसाक हुईं सम्मानित, डिप्टी सीएम ने दिया टैबलेट; बोले- यह फक्र की बात
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कला उत्सव प्रतियोगिता 2019 में तीसरा स्थान हासिल करने वाली वर्षा बसाक को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने सम्मानित किया। उन्होंने उसे टैबलेट व पुस्तकें देकर सम्मानित किया।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कला उत्सव प्रतियोगिता 2019 में तीसरा स्थान हासिल करने वाली वर्षा बसाक को विधान भवन में स्थित अपने कार्यालय कक्ष में सोमवार को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने सम्मानित किया। उन्होंने उसे टैबलेट व पुस्तकें देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में संगीत-गायन कैटेगरी में वह देश भर में तीसरे नंबर पर थीं।
वाराणसी के श्री दुर्गा चरण गर्ल्स इंटर कॉलेज की होनहार छात्रा वर्षा बसाक के साथ इनकी माता माला बसाक, पिता विश्वजीत बसाक और बड़ी बहन पूजा बसाक को भी सम्मानित किया गया। वर्षा बसाक ने बताया कि उन्हें संगीत-गायन में तराशने में उनकी बड़ी बहन पूजा ने काफी मेहनत की। वह अपनी बड़ी बहन पूजा को ही अपना गुरु मानती हैं। पूजा संगीत में ही परास्नातक की पढ़ाई भी कर रही हैं।
सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि राज्य स्तर पर ऐसी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाया जाएगा और आगे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें विशेष रूप से तैयार किया जाएगा। मालूम हो कि वर्षा ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से पहले राज्य स्तर पर हुई कला उत्सव प्रतियोगिता में भी पहला नंबर हासिल किया था।
राष्ट्रीय स्तर पर बीती एक जनवरी 2020 से लेकर सात जनवरी 2020 तक राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के भोपाल में स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। तीसरा स्थान हासिल करने पर उन्हें 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया था। कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला भी मौजूद रहीं।