कोरोना काल की अव्यवस्थाओं को मुद्दा बनाएगी यूपी कांग्रेस, रिपोर्ट बनाने के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठिक
कोरोना काल की अव्यवस्थाओं को कांग्रेस मुद्दा बनाकर जनता के बीच ले जाना चाहती है। इसी मंशा से पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ नेताओं और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल कर एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना काल की अव्यवस्थाओं को कांग्रेस मुद्दा बनाकर जनता के बीच ले जाना चाहती है। इसी मंशा से पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ नेताओं और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल कर एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है। कमेटी के सदस्यों से अपेक्षा की गई है कि वे प्रदेश के विभिन्न जिलों से जानकारी लेकर जल्द ही अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपें।
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि यह समिति उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी के दौरान हुए मानवाधिकारों के उल्लंघन, महामारी संबंधी आंकड़ों की हेराफेरी और लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की जांच-पड़ताल करेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की अध्यक्षता वाली इस समिति में मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित संदीप पांडेय, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, कांग्रेस विधान मंडल दल नेता आराधना मिश्रा, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री प्रदीप जैन आदित्य, मानवाधिकार जन निगरानी समिति के संयोजक लेनिन रघुवंशी और जल जोड़ो-जन जोड़ो अभियान के राष्ट्रीय संयोजक संजय सिंह शामिल हैं।
पुण्यतिथि पर पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू को दी श्रद्धांजलि : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में मनाई गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री के रूप में पंडित नेहरू ने भारत को शांति के अग्रदूत के रूप में विश्व मानचित्र पर स्थापित किया। देश में गरीबी से निपटने के लिए समय के अनुरूप कार्ययोजनाएं बनाकर उन्हें जमीन पर उतारा और देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले श्रेष्ठतम संस्थानों की स्थापना कर सशक्त भारत की नींव डाली।
पं. नेहरू देश के नवनिर्माण के महानायक : कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य एवं पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह प्रकाशपुंज की भांति वैश्विक राजनीति में चमकदार छवि के नेता थे। पंचशील के मार्ग से उन्होंने विश्व को शांति की राह दिखाई। भारत के इतिहास की बात करें तो देश के पहले प्रधानमंत्री के रूप में देश के नवनिर्माण के वह महानायक थे। पूर्व सांसद व छत्तीसगढ़ प्रभारी डॉ. पीएल पुनिया ने पंडित नेहरू द्वारा राष्ट्रीय एकीकरण के लिए किए गए गंभीर प्रयासों को याद किया। श्रद्धांजलि सभा का संचालन प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश अजमानी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ल, महामंत्री शिव पांडेय, सुरेंद्र राजपूत व वीरेंद्र मदान आदि उपस्थित थे।