यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा- भाजपा विधायकों से विकास दुबे के गहरे संबंध
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि जांच में सामने आएगा कि किस तरह से भाजपा नेता और विधायक माफिया से साठगांठ कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं।
लखनऊ, जेएनएन। गैंगस्टर विकास दुबे को राजनीतिक संरक्षण की परतें उधड़ना शुरू हुईं तो राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाना शुरू कर दिया। इस मामले में अब यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बयान जारी कर कहा है कि भाजपा की शह और संरक्षण में गुंडे-माफिया के फलने-फूलने के तमाम साक्ष्य सामने आ चुके हैं। इन आरोपों की उच्चस्तरीय जांच की जानी चाहिए।
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि जांच में सामने आएगा कि किस तरह से भाजपा नेता और विधायक माफिया से साठगांठ कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं और पुलिसकर्मियों की हत्या हो रही है। अजय कुमार लल्लू ने कहा कि विकास दुबे को कुछ समय पहले एसटीएफ ने राजधानी में गिरफ्तार किया था और उस समय के उसके बयानों से साफ हो गया है कि भाजपा के दो विधायकों से उसके गहरे संबंध रहे हैं। यह सब सार्वजनिक हो चुका है कि किस तरह से भाजपा नेताओं और विधायकों की शह पर विकास दुबे ने आतंक का साम्राज्य स्थापित कर रखा था। इससे कांग्रेस का यह आरोप सही साबित होता है कि गुंडे-माफिया की असली संरक्षक भाजपा ही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर हाल में लोगों की सुरक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
बता दें कि सोमवार की सुबह इनामी मोस्टवांडेट विकास दुबे का एक वीडियो और ऑडियो वायरल हुआ तो सनसनी फैल गई। एक टीवी चैनल पर वीडियो का प्रसारण होने पर वीडियो वर्ष 2017 का बताया जा रहा है।वीडियो ऑर ऑडियो में विकास दुबे ने दो राजनेताओं के नाम कबूले हैं। वीडियो में विकास ने तत्कालीन कांग्रेस नेता और मौजूदा समय में भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा और बिल्हौर विधानसभा से भाजपा विधायक भगवती प्रसाद सागर का नाम लिया है। भाजपा नेताओं के नाम सामने आने पर सियासी हलचल भी तेज हो गई है, दोनों नेताओं ने संबंधित टीवी चैनल पर आकर अपना पक्ष रखते हुए विकास दुबे से संबंधों से इनकार किया है।