यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का आरोप- बीजेपी सरकार की नीति दमनकारी, मुझे घर में कैद किया
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि झांसी से लाकर उन्हें घर में कैद कर दिया गया है। अब मुख्यमंत्री खुद बताएं कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ कांग्रेस किस दिन आंदोलन करे।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। किसानों के साथ ही गायों की दुर्दशा पर भी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस सड़कों पर उतर चुकी है। गत दिवस ललितपुर में 'गाय बचाओ, किसान बचाओ' यात्रा निकालते वक्त हिरासत में लिए गए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि झांसी से लाकर उन्हें घर में कैद कर दिया गया है। अब मुख्यमंत्री खुद बताएं कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ कांग्रेस किस दिन आंदोलन करे।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने रविवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश में आज अघोषित इमरजेंसी है। अगर गाय माता को बचाने के लिए, किसानों को बचाने के लिए कांग्रेस पदयात्रा करना चाहती है तो सरकार क्यों रोक रही है? कांग्रेस ने गाय बचाओ-किसान बचाओ यात्रा निकालने का संकल्प लिया और शनिवार को ललितपुर से पदयात्रा निकाली थी। सरकार ने दमन का रास्ता अपनाया। उन्हें और पार्टी कार्यकर्ताओं को उठाकर ललितपुर पुलिस लाइन में लाकर रखा।
देर रात्रि लखनऊ स्थित घर पहुंचा। कांग्रेस पार्टी के गाय बचाओ - किसान बचाओ आंदोलन से घबराई योगी सरकार ने मुझे नजरबंद कर रखा है। गौ माता के साथ फ़ोटो खिंचाने वाले मुख्यमंत्री को चैन की नींद नहीं आ रही इसीलिए पुलिसिया पहरा लगाकर लोकतांत्रिक मूल्यों को रौंद रहे है। 1/2 pic.twitter.com/fdwIMsrR1y— Ajay Kumar Lallu (@AjayLalluINC) December 27, 2020
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि एक आपराधिक व्यक्ति की तरह ट्रीट करने की स्थिति बनाई और वहां से लगभग पांच थाने की फोर्स, सीओ, एसडीएम और बंद गाड़ी में बिना सूचना के मध्य प्रदेश में लाकर रोका गया। फिर रात में वहां से लाकर घर में कैद रखा गया है। यह सरकार दमन की राजनीति कर रही है, लेकिन यात्रा चलेगी, रुकेगी नहीं। चाहे जो भी परिणाम हो, कांग्रेस उसे झेलने के लिए तैयार है।
गवाह हैं 50 लाख हस्ताक्षर, यूपी के किसान भी आंदोलित : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का कहना है कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ उप्र के किसान भी आंदोलित हैं। यूपी कांग्रेस द्वारा कराए गए लगभग 50 लाख से अधिक किसानों के हस्ताक्षर इस बात के गवाह हैं।