विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के आउटसोर्स कर्मियों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, मानदेय में भारी वृद्धि, सीएम आज करेंगे घोषणा

Published: Tue, 01 Sep 2026 11:09 PM (IST)Updated: Wed, 02 Sep 2026 12:07 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का लोकार्पण कर तीन लाख से अधिक आउटसोर्स कार्मिकों के लिए बढ़े मानदेय की घोषणा करेंगे।

News Article Hero Image

HighLights

  1. तीन लाख से अधिक आउटसोर्स कार्मिकों को लाभ।

  2. मानदेय 20 हजार से 40 हजार रुपये तक बढ़ा।

  3. ईपीएफ, ईएसआईसी, अवकाश जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मानदेय बढ़ाने और कई अन्य सुविधाएं दिए जाने का शासनादेश जारी होने के लगभग एक साल बाद राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत तीन लाख से अधिक कार्मिकों का इंतजार बुधवार को समाप्त होगा।

मानदेय वृद्धि के साथ ही इन्हें अन्य सुविधाएं दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में निगम के कार्यालय का लोकार्पण करने के साथ ही इसके ‘लोगो’, वेबसाइट व पोर्टल को लांच करेंगे। आउटसोर्स कार्मिकों को बढ़ा मानदेय देने की घोषणा भी करेंगे।

पूर्वांह्न 11 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी जिलों में किया जाएगा। जिलों के कार्यक्रम में वहां तैनात आउटसोर्स कर्मी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। आउटसोर्स कर्मियों को बढ़े मानदेय, ईपीएफ, ईएसआइसी सहित अवकाश आदि सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।

श्रम विभाग द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बीओसीडब्ल्यू) के लाभार्थियों को कार्यक्रम में चेक तथा सफाई कर्मियों को किट वितरित किए जाएंगे।

विभागों ने अब तक कुल 2.70 लाख आउटसोर्स कार्मिकों के कार्यरत होने की जानकारी सचिवालय प्रशासन विभाग को दी है। निगमों तथा विभागों से जुड़ी अन्य संस्थाओं में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों को भी इसमें शामिल किए जाने पर यह संख्या तीन लाख से अधिक होगी। पोर्टल लांच होने के बाद मैनपावर मुहैया कराने वाली एजेंसियों का रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा।

विभाग भी आउटसोर्स कार्मिकों की भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे। आउटसोर्स कार्मिकों को न्यूनतम 20 हजार से 40 हजार रुपये तक मानदेय मिलेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 19 सितंबर को निगम का गठन करने के लिए शासनादेश जारी किया गया था।

लिखित परीक्षा और साक्षात्कार से होंगी भर्तियां

आउटसोर्स कार्मिकों की भर्तियां लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के जरिये होंगी। हालांकि, श्रेणी-तीन व चार के पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार नहीं होंगे। प्रत्येक माह की पांच तारीख तक मानदेय दिया जाएगा।

आउटसोर्सिंग भर्तियों के लिए चार श्रेणियां बनाई गई हैं। श्रेणी एक के लिए 40 हजार, दो के लिए 25 हजार, श्रेणी तीन के लिए 22 और चार के लिए 20 हजार मानदेय तय किया गया है।

निगम के जरिये सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आउटसोर्स कर्मचारियों का शोषण न हो और उनका भविष्य सुरक्षित रहे। नियमानुसार भर्तियों में आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। मातृत्व अवकाश, चिकित्सीय अवकाश, स्वास्थ्य सेवाएं, ईपीएफ, ईएसआइसी आदि लाभ भी दिए जाएंगे।

आउटसोर्स कार्मिकों की श्रेणियां और तय मानदेय

श्रेणी एक की सेवाओं के लिए 40 हजार रुपये मानदेय

इस श्रेणी में डाक्टर, अभियंता (एई व एसडीओ), लेक्चरर, प्रोजेक्ट आफिसर, एकाउंट आफिसर, असिस्टेंट आर्किटेक्ट और रिसर्च आफिसर जैसे पद शामिल हैं। शैक्षिक योग्यताओं में चिकित्सक के लिए एमबीबीएस, सहायक अभियंता व एसडीओ के लिए बीटेक, लेक्चरर के लिए परास्नातक डिग्री, प्रोजेक्ट आफिसर के लिए गणित व भौतिकी में परास्नातक या आपरेशनल रिसर्च, एकाउंट आफिसर के लिए एमकाम व पांच साल का अनुभव या सीए, असिस्टेंट आर्किटेक्ट के लिए आर्किटेक्चर में स्नातक, रिसर्च आफिसर के लिए अर्थशास्त्र, वाणिज्य, गणित या सांख्यिकी में परास्नातक अनिवार्य है।

श्रेणी दो में जूनियर इंजीनियर, स्टाफ नर्स समेत अन्य पदों पर 25 हजार रुपये

इसमें सीनियर असिस्टेंट, सीनियर स्टेनोग्राफर, सीनियर एकाउंटेंट, डाटा प्रोसेसिंग आफिसर, ट्रांसलेटर, कल्याण अधिकारी, ड्राइंग टीचर, पीटीआई, टीजीटी, ड्राफ्टमैन, एक्स-रे टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, जूनियर इंजीनियर (जेई), लीगल असिस्टेंट और सांख्यिकी अधिकारी शामिल हैं। शैक्षिक योग्यता में संबंधित विषय में स्नातक/परास्नातक, बीएड, एलएलबी या डिप्लोमा अनिवार्य।

श्रेणी तीन में आपरेटर, पैरामेडिकल स्टाफ आदि को 22 हजार रुपये

इस श्रेणी में जूनियर असिस्टेंट, जूनियर स्टेनोग्राफर, टाइपिस्ट, टेलीफोन आपरेटर, स्टोर कीपर, फोटोग्राफर, डाटा एंट्री आपरेटर, लाइब्रेरियन, डाटा प्रोसेसिंग असिस्टेंट, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक, फिटर, लैब असिस्टेंट, पैरा मेडिकल स्टाफ, सुपरवाइजर, मैनेजर और ड्राइवर के पद रखे गए हैं। शैक्षिक योग्यता में स्नातक, इंटरमीडिएट और कंप्यूटर का प्रमाणपत्र (पद के अनुसार)।

श्रेणी चार में मिलेगा 20 हजार रुपये मासिक मानदेय

इस श्रेणी के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं या 10वीं पास तय की गई है। इसमें कार्यालय सहायक, लिफ्ट आपरेटर, लैब अटेंडेंट, रिकार्ड असिस्टेंट, अर्दली, अनुसेवक, स्टोर सहायक, नाई, मोची, राजमिस्त्री, मेट, निर्माण सहायक, लोहार, बढ़ई, क्रेन आपरेटर, पेंटर, धोबी, नाविक, क्लीनर, कुली, चौकीदार, माली, कुक, जमादार, पंप आपरेटर, फायरमैन और लाइब्रेरी अटेंडेंट जैसे पद शामिल हैं।