सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टालरेंस रहा हमारा लक्ष्य, इनके आश्रयदाता ही परेशान
UP Vidhansabha Election 2022 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करना ही हमारा लक्ष्य था। इसमें जिन अधिकारियों ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है उन्हीं अधिकारियों को लेकर समाजवादी पार्टी विरोध कर रही है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के रामनगरी अयोध्या से चुनाव लडऩे के लिए भाजपा के घोषित प्रत्याशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने लक्ष्य पर ही केन्द्रित हैं। एक साक्षात्कार में उन्होंने अपनी सरकार के कामकाज का ब्यौरा पेश करने के साथ ही अपने कार्य तथा कार्यशैली को भी साझा किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करना ही हमारा लक्ष्य था। इसमें जिन अधिकारियों ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है उन्हीं अधिकारियों को लेकर सपा विरोध कर रही है कि उनके माफिया, गुंडा अराजकता नहीं कर पा रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व सांसद धनन्जय सिंह को भी हमारी पुलिस ने ही गिरफ्तार किया था, कानून सबके साथ बराबर काम कर रहा है। सपा की संवेदना अभी अपराधियों और आतंकियों के साथ है, इसी कारण उन्हेंं सबसे च्यादा पीड़ा भी होती है। जब हमारे अधिकारी माफिया पर कार्रवाई करते हैं तो समाजवादी पार्टी चारों तरफ शोर मचाती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी तो अधिकारी होता है, वह न भाजपा का होता है, न सपा का होता और न ही बसपा का होता है। जो कानून के नजरिए में दोषी है वह गलत है। अधिकारी उसी पर काम भी करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार थी और एक लड़की से छेड़छाड़ हो रही थी। तभी एक व्यापारी के लड़के ने लड़की को तो बचा लिया लेकिन उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह सब पुलिस के सामने हुआ था। समाजवादी पार्टी की सरकार में ऐसी स्थिति थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जैसा था, वैसा ही हूं। जब गोरखपुर से सांसद था धर्म परिवर्तन के खिलाफ आंदोलन करता था, आज मुख्यमंत्री हूं तो धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून बनाता हूं। उन्होंने कहा कि अब्बाजान शब्द असंसदीय तो है नहीं, फिर विपक्ष इससे क्यो चिढ़ता है। उन्हें मुस्लिमों का वोट तो चाहिए लेकिन नाम से परहेज है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने विकास का काम किया। बिना किसी भेदभाव के सभी वर्ग का विकास किया। हमारी सरकार ने 43 लाख गरीबों को एक-एक आवास दिया है। अखिलेश जी भी ये काम कर सकते थे लेकिन नहीं किया। 12 बजे कोई व्यक्ति सो कर उठेगा, वो प्रदेश के विकास के लिए काम क्या करेंगे।