यूपी चुनाव 2022: सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे भाजपा मुख्यालय, तीसरे और चौथे चरण के उम्मीदवारों पर हो रही चर्चा
UP Vidhan Sabha Election 2022 उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अहम बैठक हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे हैं।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मुख्यालय में सोमवार को अहम बैठक हो रही है। इस बैठक में तीसरे और चौथे फेस के उम्मीदवारों पर चर्चा होनी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे हैं। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत यूपी से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा और संगठन मंत्री सुनील बंसल भी मौजूद हैं। सीएम योगी के साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के अलावा पहले दो चरण की 113 में से 107 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान 15 जनवरी को कर दिया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और महासचिव अरुण सिंह ने उम्मीदवारों के नाम की औपचारिक घोषणा करने से पहले ही यह दावा भी किया कि पार्टी 300 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सीएम योगी भी अपने संसदीय क्षेत्र की गोरखपुर शहरी सीट से ही दावा ठोकेंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपनी पुरानी सीट सिराथू से ही लड़ेंगे। दूसरे उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के बारे में अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल राजधानी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे। pic.twitter.com/yzvLkaPX5O— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 17, 2022
बता दें कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होना है। 10 फरवरी को पहले चरण में पश्चिम उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 सीटों पर, दूसरा चरण 14 फरवरी को 9 जिलों की 55 सीटों पर, 20 फरवरी को तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान होगा। चौथे चरण में मतदान 23 फरवरी को लखनऊ सहित 9 जिलों की 60 सीटों पर होगा। पांचवें चरण में 27 फरवरी को 11 जिलों की 60 सीटों पर, छठे चरण में 3 मार्च को 10 जिलों की 57 सीटों पर और सातवें और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को 9 जिलों की 54 सीटों पर किया जाएगा। 10 मार्च को मतों की गिनती होगी।