Move to Jagran APP

UP Cabinet Expansion: 25 माह बाद फिर हुआ यूपी मंत्रिमंडल विस्तार, टीम योगी में सात नए चेहरे

UP Cabinet Expansion योगी सरकार के दूसरे बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार में सात नए चेहरों को जगह मिली है। इनमें एक कैबिनेट मंत्री और छह राज्य मंत्री शामिल हैं। नए मंत्रियों को मिलाकर टीम योगी में कुल 60 सदस्य हो गए हैं। पहला मंत्रिमंडल विस्तार 21 अगस्त 2019 को हुआ था।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sun, 26 Sep 2021 09:03 PM (IST)Updated: Sun, 26 Sep 2021 09:07 PM (IST)
UP Cabinet Expansion: 25 माह बाद फिर हुआ यूपी मंत्रिमंडल विस्तार, टीम योगी में सात नए चेहरे
योगी सरकार के दूसरे बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार में सात नए चेहरों को जगह मिली है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। योगी सरकार के दूसरे बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार में सात नए चेहरों को जगह मिली है। इनमें एक कैबिनेट मंत्री और छह राज्य मंत्री शामिल हैं। रविवार शाम राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री तथा छत्रपाल सिंह गंगवार, पल्टू राम, डा. संगीता बलवंत, संजीव कुमार, दिनेश खटीक और धर्मवीर प्रजापति को राज्य मंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नए मंत्रियों को मिलाकर टीम योगी में कुल 60 सदस्य हो गए हैं जो मंत्रिमंडल की अधिकतम संख्या है। इनमें 24 कैबिनेट मंत्री, नौ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 27 राज्य मंत्री हैं। इनमें चार महिला मंत्री शामिल हैं।

loksabha election banner

योगी सरकार का गठन 19 मार्च 2017 को हुआ था। पहला मंत्रिमंडल विस्तार 21 अगस्त 2019 को हुआ था। पहले विस्तार के बाद मंत्रिमंडल में मंत्रियों की कुल संख्या 56 थी। मंत्रिमंडल के पहले विस्तार के बाद कोरोना संक्रमण से पिछले साल कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण व चेतन चौहान तथा इस वर्ष राज्य मंत्री विजय कश्यप का निधन हुआ था। तीन मंत्रियों के निधन के बाद मंत्रिमंडल में कुल 53 सदस्य रह गए थे। ऐसे में मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं।

बीती सात जुलाई को केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद उत्तर प्रदेश में इसकी अटकलें तेज हो गई थीं। चर्चा यह थी कि मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार पितृपक्ष के बाद होगा लेकिन विधानसभा चुनाव की तेज होती आहट के बीच सरकार ने लंबे अरसे से प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार को अंतत: दो साल एक माह बाद पितृपक्ष में ही अमली जामा पहना कर सबको चौंका दिया।

जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री बनाकर भाजपा ने उनसे अपना वादा निभाया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र प्रसाद के पुत्र जितिन मनमोहन सिंह की पहली और दूसरी सरकारों में स्टील, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा मानव संसाधन विकास (अब शिक्षा) मंत्रालयों में राज्य मंत्री रह चुके हैं। उन्हें विधान परिषद सदस्य बनाया जाना तय है।

राज्य मंत्री की शपथ लेने वालों में आगरा के धर्मवीर प्रजापति भाजपा के विधान परिषद सदस्य व उत्तर प्रदेश राज्य माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष हैं जबकि पांच अन्य विधायक हैं। छत्रपाल सिंह गंगवार बरेली के बहेड़ी, पल्टू राम बलरामपुर, डा. संगीता बलवंत गाजीपुर सदर, संजीव कुमार सोनभद्र के ओबरा और दिनेश खटीक मेरठ के हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। राज्य मंत्रियों में छत्रपाल सिंह गंगवार दूसरी बार जबकि पांच अन्य पहली बार विधायक/एमएलसी निर्वाचित हुए हैं। समारोह में अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शपथग्रहण के बाद नए मंत्रियों को बधाई दी।

जातीय व क्षेत्रीय समीकरण का ख्याल : मंत्रिमंडल विस्तार के जरिये जातीय व क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश की गई है। योगी सरकार में शामिल नए चेहरों में तीन अन्य पिछड़ा वर्ग, दो अनुसूचित जाति व एक अनुसूचित जनजाति से हैं जबकि एक ब्राह्मण हैं। नए मंत्रियों में से तीन पूर्वांचल, दो पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा एक-एक तराई क्षेत्र व रुहेलखंड के हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.