UP By-election Results 2022: रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मतगणना शुरु, खुलेगी ईवीएम में बंद प्रत्यशियों की किस्मत
UP By election Results 2022 रामपुर-आजमगढ़ लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना आज सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। इन सीटों पर 23 जून को मतदान हुआ था। सबसे पहले पोस्टल बैलट की गणना होगी और इसके बाद ईवीएम खोली जाएंगी।
लखनऊ, जेएनएन। UP By-election Results 2022: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से शुरु हो गई है। बता दें कि आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ था। आजमगढ़ में 48.58 व रामपुर में 40 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान के साथ ही 19 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई थी।
आजमगढ़ संसदीय सीट के लिए हुए उपचुनाव के बाद आज कुछ देर में मतगणना शुरु होगी। सभी ईवीएम सुबह ही गोदाम से मतगणना स्थल पर लाई जा चुकी हैं। मतगणना को देखते हुए मतगणना स्थल पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। एक साथ 14 काउंटर पर ईवीएम को खोलकर मतगणना का क्रम शुरू हुआ। उम्मीद जताई जा रही है कि दोपहर तक परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा। कुल पांच विधानसभा क्षेत्र के 2176 बूथों की ईवीएम के जरिए मतगणना होगी।
रामपुर लोकसभा उप चुनाव की मतगणना मंडी समिति में कुछ देर में शुरु हो जाएगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा इतनी सख्त है कि कोई मोबाइल भी नहीं ले जा सकेगा। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग पंडाल बनाए गए हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना के लिए 14-14 टेबिल लगाई गई हैं। मतगणना राउंडवार होगी। स्वार-टांडा और चमरौआ विधानसभा क्षेत्र में 27 राउंड होंगे, जबकि बिलासपुर में 30, रामपुर शहर में 33 और मिलक विधानासभा क्षेत्र में 32 राउंड में गिनती होगी। इस तरह पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 149 राउंड होंगे। इसके बाद ही निर्वाचित सांसद के नाम की घोषणा की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया रामपुर लोकसभा क्षेत्र में छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। आजमगढ़ में एक महिला सहित 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहें हैं। आजमगढ़ लोकसभा सीट से सपा के धर्मेंद्र यादव चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने यहां भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ को मैदान में उतारा है। बसपा ने शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को टिकट दिया है। वहीं, रामपुर में सपा के नगर अध्यक्ष आसिम रजा व भाजपा के घनश्याम लोधी मुख्य रूप से चुनाव मैदान में हैं।
2019 के चुनाव से दोनों जगह कम पड़े वोट : यूं तो उपचुनाव में हमेशा ही कम मतदान होता है किंतु वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस उपचुनाव में दोनों ही सीटों पर बहुत कम मतदान हुआ। रामपुर में मुख्य चुनाव में 63.17 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि उपचुनाव में मात्र 40 प्रतिशत वोट ही पड़े। इसी प्रकार आजमगढ़ में मुख्य चुनाव में 57.44 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि उपचुनाव में 48.58 प्रतिशत ही मतदान हुआ।