UP By Election Result 2020: उपचुनाव में भी सपा नहीं दिखा पाई चमत्कार, सबक है यह परिणाम
UP By Election Result 2020 यूपी में मंगलवार को आए विधानसभा उपचुनाव के नतीजे यदि आगामी चुनाव का संदेश हैं तो यह समाजवादी पार्टी को निराश करने वाले हैं। अपनी एक सीट (जौनपुर की मल्हनी) बचाने का संतोष उसे जरूर मिल सकता है।
लखनऊ [शोभित श्रीवास्तव]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उपचुनाव वाले दिन कहा था कि 'उपचुनाव के नतीजे वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का संदेश देंगे।' मंगलवार को आए उपचुनाव के नतीजे यदि आगामी चुनाव का संदेश हैं तो यह समाजवादी पार्टी को निराश करने वाले हैं। अपनी एक सीट (जौनपुर की मल्हनी) बचाने का संतोष उसे जरूर मिल सकता है।
इस बार समाजवादी पार्टी ने छह सीटों पर चुनाव लड़ा और बुलंदशहर सीट रालोद के लिए छोड़ दी थी। पारसनाथ यादव के निधन से रिक्त हुई सीट अब उनके बेटे लकी यादव ने जीतकर पिता की विरासत संभाल ली है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी तीन सीटों अमरोहा की नौगावां सादात, फीरोजाबाद की टूंडला व देवरिया पर दूसरे स्थान पर रही। कानपुर की घाटमपुर सीट पर समाजवादी पार्टी चौथे पायदान पर रही। पार्टी को करीब 23.6 फीसद मत मिले हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और इन सातों सीटों में छह पर उसके उम्मीदवार थे। तब उसे 25.27 प्रतिशत मत मिले थे।
वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी देवरिया, अमरोहा की नौगावां सादात व उन्नाव की बांगरमऊ सीट पर दूसरे स्थान पर रही थी। बांगरमऊ सीट से इस बार समाजवादी पार्टी को बहुत उम्मीदें थीं। कांग्रेस की पूर्व सांसद अन्नू टंडन को भी अखिलेश ने उपचुनाव से एक दिन पहले अपनी पार्टी में शामिल कराया। इसके बावजूद यहां समाजवादी पार्टी तीसरे स्थान पर रही। उपचुनाव के नतीजे समाजवादी पार्टी के लिए सबक हैं साथ ही यह संदेश देते हैं कि वर्ष 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टीको मतदाताओं का भरोसा जीतने के लिए रणनीति बदलनी होगी।