यूपी में पढ़ने में कमजोर बच्चों के लिए स्कूलों की नई पहल, अब रोज 30 मिनट लगेंगी अतिरिक्त क्लास
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होंगी, जिसके लिए कमजोर छात्रों को अतिरिक्त कक्षाएं मिलेंगी और तनाव कम करने के लिए खेलकूद की सलाह दी गई है।

ये तस्वीर एआई से जनरेट की गई है।
HighLights
यूपी बोर्ड परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होंगी।
कमजोर छात्रों के लिए 30 मिनट अतिरिक्त कक्षाएं।
परीक्षा तनाव घटाने को 15-20 मिनट खेलकूद।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होंगी। विद्यार्थियों को समय से पाठ्यक्रम पूरा कराने और दोहराई के लिए पर्याप्त समय देने के लिए शिक्षकों को रिवर्स टाइम टेबल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
पढ़ाई में कमजोर बच्चों के लिए रोज 30 मिनट से एक घंटे तक अतिरिक्त कक्षाएं चलेंगी। परीक्षा का तनाव दूर करने के लिए विद्यार्थियों को रोज 15 से 20 मिनट खेलकूद के लिए निकालने की सलाह दी गई है। अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बुधवार को राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआइईटी) में आनलाइन संवाद के दौरान ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव, जनगणना और अन्य प्रशासनिक कार्यों के कारण पढ़ाई के लिए उपलब्ध समय प्रभावित हो सकता है। इसलिए शिक्षक शेष समय का बेहतर उपयोग करें। कैच-अप प्लान के तहत कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त पढ़ाई कराने के साथ सहपाठी शिक्षण को बढ़ावा दिया जाए, ताकि बच्चे एक-दूसरे की मदद से सीख सकें।
विद्यार्थियों को बिंदुवार उत्तर लिखने, महत्वपूर्ण तथ्यों को रेखांकित करने और जरूरत के अनुसार चार्ट, ग्राफ व चित्र बनाने की सलाह दी गई। परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध माडल प्रश्नपत्रों और पुराने प्रश्नपत्रों से अभ्यास करने व ढाई से तीन घंटे के माक टेस्ट देने को कहा गया।
अभिभावकों से बच्चों पर अनावश्यक दबाव नहीं डालने की अपील की गई। निपुण भारत मिशन के तहत मूलभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान का आकलन अब बालवाटिका से कक्षा पांच तक होगा। इसके दो चरण 20 से 30 दिसंबर और 20 से 30 जनवरी के बीच आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालयों में विज्ञान, गृह विज्ञान और भूगोल की प्रयोगशालाएं सक्रिय करने, स्मार्ट क्लास और आइसीटी लैब का नियमित उपयोग करने के निर्देश दिए गए। एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में शिक्षकों का समायोजन होगा।
नगर क्षेत्र में 11 हजार शिक्षकों और माध्यमिक व सहायता प्राप्त विद्यालयों में 17 हजार से अधिक टीजीटी, पीजीटी व प्रधानाध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
हर वर्ष एक अप्रैल को रिक्तियों का आकलन और 31 मई तक आयोग को अधियाचन भेजना अनिवार्य होगा। पीएम पोषण योजना के तहत कक्षा आठ तक के बच्चों को नवंबर से अगले 14 सप्ताह तक पूरक पोषण के रूप में गर्म हलवा और उपमा दिया जाएगा। रसोइयों को अतिरिक्त पारिश्रमिक मिलेगा।
