यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- पीएम नरेंद्र मोदी ने समाप्त की राजनीतिक अकर्मण्यता
यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व अन्य नेताओं ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दिव्यांगों को तिपहिया साइकिल व अन्य उपकरण वितरित किए।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक भूल सुधारने के साथ ही राजनीतिक अकर्मण्यता को समाप्त कर दिया है। यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने गुरुवार को पीएम मोदी के जन्मदिन पर दिव्यांगों को तिपहिया साइकिल व अन्य उपकरण वितरित किए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सभी जिला केंद्रों पर दिव्यांगों को उपकरण बांटे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित किए जा रहे सेवा सप्ताह के चौथे दिन यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ में 70 दिव्यांगों को तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, वॉकर, कान की मशीन, कृत्रिम अंग एवं स्मार्ट पेन आदि उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार में पैदा हुए नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद पर आसीन होने के बाद राजनीतिक संस्कृति को बदलने का काम किया है। उन्होंने नई राजनीतिक संस्कृति का सृजन किया और देश से राजनीतिक अकर्मण्यता खत्म हुई।
आज देश के यशस्वी व तेजस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के जन्मदिन के उपलक्ष में ‘सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम के तहत महानगर लखनऊ में दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग उपकरण वितरित किए। #HappyBirthdayPMModi pic.twitter.com/LHHGWlyy6B— Swatantra Dev Singh (@swatantrabjp) September 17, 2020
यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक साहस के कारण धारा 370 की समाप्ति, नागरिकता संशोधन कानून, मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति तथा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण जैसे कार्य हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों व लोक कल्याण से जुड़ी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रदेश सरकार के मंत्री आशुतोष टंडन, डॉ.महेंद्र सह व क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र भी उपस्थित थे।
मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि सभी 75 जिलों में दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए गए, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रमुख नेताओं ने भाग लिया। भाजपा के राज्य मुख्यालय स्थित मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ के साथ पूजन करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए प्रार्थना भी की गई।
व्याख्यान माला व प्लास्टिक मुक्ति अभियान : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मनाए जा रहे सेवा सप्ताह में शुक्रवार को वेबिनार के जरिए ब्रज व पश्चिम क्षेत्र की व्याख्यान माला आयोजित की जाएगी। इसमें प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व व कृतित्व पर राजेश्वर आचार्य तथा अलका तोमर का व्याख्यान शाम चार से छह बजे तक डिजिटल प्लेटफार्म पर होगा। इसके अलावा जिलों में सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति के संकल्प के साथ स्वच्छता अभियान चलेगा।
5130 दिव्यांगजन को मिले उपकरण : भाजपा प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने बताया कि सेवा सप्ताह में गुरुवार को प्रदेश में 5130 दिव्यांगजन को उपकरण भेंट किए गए। इसके साथ महिला मोर्चा ने प्रदेश में 5625 गरीब बस्तियों व अस्पतालों में फल वितरित कर प्रधानमंत्री के लिए दीर्घायु की कामना की।