Move to Jagran APP

यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- लोककल्याण योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाएं

यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रामपुर जिले में स्वार विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह ध्यान रखने को कहा कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का भरपूर

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 09 Sep 2020 10:17 PM (IST)Updated: Wed, 09 Sep 2020 10:23 PM (IST)
यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- लोककल्याण योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाएं
यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- लोककल्याण योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाएं

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश भारतीय जानता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की लोक कल्याण योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं से सेतु बनकर काम करने का आह्वान किया है। बुधवार को सेक्टर प्रभारियों व संयोजकों की वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यशाला में उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन का सदस्य होने के नाते प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व भी बड़ा हो जाता है।

loksabha election banner

यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रामपुर जिले में स्वार विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह ध्यान रखने को कहा कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ मिले। इसके लिए योजनापूर्वक बूथ स्तर पर काम करने की जरूरत बताई। पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक पार्टी की जीत सुनिश्चत किए जाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें गर्व कराना चाहिए कि हम उस राजनीतिक दल के कार्यकर्ता है, जिसका लक्ष्य भारत को सशक्त व समृद्धशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित कर विश्व में सर्वोच्च स्थान दिलाना है। प्रदेश अध्यक्ष ने फीरोजाबाद में टूंडला व जौनपुर के मल्हनी क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती व चुनावी जीत का मंत्र दिया। 

संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने संगठनात्मक कार्यक्रमों का बूथ स्तर पर सफल संचालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सभी वर्गो को जोड़कर संगठन को सर्वस्पर्शी बनाने की जरूरत है। हर बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चत करने के लिए अभी से योजना बनाने की जरूरत है। बंसल ने अमरोहा के नौगांवा सादात, कानपुर ग्रामीण की घाटमपुर व देवरिया विधानसभा क्षेत्र की कार्यशालाओं में ऑनलाइन विचार व्यक्त किए।

प्रदेश भाजपा की बैठक में नड्डा होंगे शामिल : भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक गुरुवार शाम छह बजे होगी। महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्य अतिथि होंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली परिचयात्मक बैठक में संगठनात्मक विषयों के अलावा आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह करेंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ.दिनेश शर्मा व सुनील बंसल के अलावा प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष व संगठन मंत्री भाग लेंगे।

भाजपा की 93 प्रशिक्षण कार्यशालाएं गुरुवार को : भाजपा के सेक्टर प्रभारियों व संयोजकों की विधानसभा क्षेत्रवार प्रशिक्षण कार्यशालाओं की शृंखला में गुरुवार को 93 कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह उन्नाव की बांगरमऊ व बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटल माध्यमों से प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। केंद्रीय मंत्री डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय वाराणसी महानगर की उत्तरी विधानसभा क्षेत्र की कार्यशाला में शामिल होंगे। शुक्ला ने बताया कि 13 सितंबर तक सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यशालाएं पूरी हो जाएगी। बुधवार को 81 विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर प्रभारी व संयोजकों के अलावा मंडल प्रभारी, अध्यक्ष व महामंत्री समेत स्थानीय विधायकों ने प्रशिक्षण कार्यशालाओं में हिस्सा लिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.