पाकिस्तान से मिलकर गजवा-ए-हिंद की प्लानिंग करने वाला नबील गिरफ्तार, 'जिहाद करने के 44 तरीके' किताब का प्रचार
UP ATS: अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट की विचारधारा से जुड़े मोहम्मद नबील को एटीएस ने आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। उसका प्लान पाकिस्तान से मिलकर गजवा-ए-हिंद को बढ़ाना था।

उत्तर प्रदेश एटीएस ने मोहम्मद नबील को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया
HighLights
अरबी भाषा में 'ला गालिब-इल्लल्लाह' नामक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया
आतंकी मौलाना आसिम उमर की किताब 'तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल' भी शेयर की
पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत पर गजवा-ए-हिंद की योजना
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आतंकियों और आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने में जुटी उत्तर प्रदेश एटीएस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली है। यूपी एटीएस ने आजमगढ़ से मोहम्मद नबील को दबोचा, जो पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत पर गजवा-ए-हिंद की योजना बना रहा था।
आरोपी मोहम्मद नबील लोगों से आतंकी की लिखी ‘जिहाद करने के 44 तरीके’ किताब पढ़ने की अपील भी कर रहा था। यूपी एटीएस को इनपुट मिला था कि मोहम्मद नबील सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर, अन्य लोगों के साथ मिलकर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहा है। इसके बाद टीम सक्रिय हो गई और मोहम्मद नबील को धर दबोचा।
अलकायदा से प्रभावित है मोहम्मद नबील
मोहम्मद नबील, अलकायदा के आतंकी अनवर उल अवलाकी की विचारधारा से प्रेरित होकर, युवाओं को व्हाट्सऐप ग्रुप पर अपने साथ जोड़कर उन्हें मुजाहिद बनाने और इसके लिए पैसे जमा करने व अत्याधुनिक हथियारों की ट्रेनिंग लेने की योजना बना रहा है। इसके ग्रुप में जम्मू-कश्मीर के युवाओं के साथ-साथ विदेशी लोग भी जुड़े हुए हैं।
अल कायदा इन इंडियन का प्रचार
एटीएस की तरफ से इस सूचना की पुष्टि करने के बाद पता चला कि मोहम्मद नबील प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट यानी AQIS की विचारधारा को प्रचारित और प्रसारित कर रहा है। वह भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त है। इसने सोशल मीडिया के इंक्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स पर ग्रुप बनाकर दूसरे लड़कों को भी इसमें जोड़ा। उन्हें जिहाद के लिए तैयार करने और जिहाद के काम के लिए धन इकट्ठा करने की योजना पर भी काम किया। इन बातों की पुष्टि होने के बाद नबील के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
नबील की गजवा-ए-हिंद की प्लानिंग ने चौंकाया
मोहम्मद नबील ने दूसरे देशों जैसे- पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश में जाकर अपने मकसद को पूरा करने के लिए ट्रेनिंग करने व बम आदि बनाने की योजना बनाई थी। साथ ही बम बनाने की विधि से जुड़े वीडियो और पोटैशियम नाइट्रेट को पाने से जुड़ी प्लानिंग का भी खुलासा हुआ। नबील अपने साथियों से वक्त आने पर पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत पर गजवा-ए-हिंद करने की योजना भी बना रहा था। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद नबील को गिरफ्तारी के बाद कोर्ट के सामने पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले, UP ATS ने कानपुर से दो संदिग्धों को दबोचा था। उनके पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका थी।
"ला गालिब-इल्लल्लाह" नाम से ग्रुप
इसके बाद, आज (शनिवार को) यूपी एटीएस की टीम ने आरोपी मोहम्मद नबील को जिला आजमगढ़ से गिरफ्तार किया। मोहम्मद नबील के मोबाइल फोन की जांच में उसकी तरफ से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन AQIS की विचारधारा को तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित करने व अरबी भाषा में 'ला गालिब-इल्लल्लाह' नामक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाना पाया गया।
कोडवर्ड में करते थे बात
नबील की तरफ से ग्रुप मे जुड़े सदस्यों को मुजाहिद कहकर संबोधित किया जाता था। इसके अलावा, जिहाद, चाकू, केमिकल, प्लान आदि के लिए ट्रिप, पेन, जूस और प्रोजेक्ट जैसे कोड का इस्तेमाल किया जाता था। इस ग्रुप में मोहम्मद नबील ने अलकायदा के आतंकी अनवर उल अवलाकी की किताब, जिसका शीर्षक "जिहाद करने के 44 तरीके" है, शेयर की थी। साथ ही, सभी मुजाहिदीन से इस किताब को पढ़ने की अपील भी की थी।
आतंकी की किताब पढ़ने की अपील
मोहम्मद नबील ने AQIS के पूर्व प्रमुख व आतंकी मौलाना आसिम उमर की किताब 'तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल' भी शेयर की थी। मोहम्मद नबील व्हाट्सऐप पर 'Flames of War' जैसे कई अन्य व्हाट्सएप ग्रुप्स में भी जुड़ा है, जिसमें अलग-अलग देशों जैसे- बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब आदि के लोग भी जुड़े हैं। इन ग्रुप्स में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा की विचारधारा को प्रसारित किया जा रहा है।
