Move to Jagran APP

UP Assembly Election 2022: चुनावी रोडमैप पर बढ़े भाजपा के कदम, छह क्षेत्रों में अपना-अपना चक्रव्यूह बनाएंगे प्रभारी

UP Assembly Election 2022 भाजपा प्रदेश संगठन के साथ समन्वय के लिए चुनाव प्रभारी बनाकर भेजे गए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की टीम में सात सहप्रभारी हैं जिनमें से छह को सभी छह क्षेत्रों में स्थानीय समीकरणों के हिसाब से चक्रव्यूह बनाने का जिम्मा सौंपा गया है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 24 Sep 2021 12:18 AM (IST)Updated: Fri, 24 Sep 2021 07:02 AM (IST)
UP Assembly Election 2022: चुनावी रोडमैप पर बढ़े भाजपा के कदम, छह क्षेत्रों में अपना-अपना चक्रव्यूह बनाएंगे प्रभारी
उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए भारतीय जनता पार्टी रणनीति बना रही है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए भारतीय जनता पार्टी रणनीति ऐसी बना रही है कि कहीं कोई मतदाता हाथ से न फिसले। प्रदेश संगठन के साथ समन्वय के लिए चुनाव प्रभारी बनाकर भेजे गए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की टीम में सात सहप्रभारी हैं, जिनमें से छह को सभी छह क्षेत्रों में स्थानीय समीकरणों के हिसाब से चक्रव्यूह बनाने का जिम्मा सौंपा गया है। चुनाव प्रबंधन प्रभारी बनाए गए केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ गुरुवार को दिन भर चली मैराथन बैठकों में प्रवास, कार्यक्रम और अभियानों पर मंथन चला।

loksabha election banner

चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान गुरुवार सुबह ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गोरखपुर के लिए रवाना हो गए थे। क्षेत्रीय चुनाव प्रभारी बनाए गए प्रदेश के सह प्रभारियों के समन्वय की कमान अनुराग ठाकुर ने संभाली। प्रदेश मुख्यालय में सुबह लगभग दस बजे से शुरू हुई बैठकों की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ बैठक में आगामी कार्यक्रम और अभियानों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से पार्टी द्वारा शुरू किए गए सेवा एवं समर्पण अभियान के तहत प्रदेश भर में हो रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर 24 सितंबर को प्रदेश में बूथ स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर रूपरेखा बनाई गई। तय किया गया कि 26 सितंबर से दो अक्टूबर तक पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश भर में जनसंपर्क अभियान चलाकर मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। दो अक्टूबर को मंडल स्तर पर स्वच्छता का अभियान चलाया जाएगा। पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में 403 विधानसभा क्षेत्रों में हाल ही में हुए प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन की सफलता पर प्रसन्नता जताई गई। तय किया गया कि पार्टी अब शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, सीए आदि विभिन्न वर्गों के साथ संवाद बरकरार रखेगी। इस दौरान प्रदेश चुनाव सह प्रभारी व केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, अन्नपूर्णा देवी, शोभा करंदलाजे, सांसद सरोज पांडेय, विवेक ठाकुर और कैप्टन अभिमन्यु के अलावा सभी क्षेत्रीय संगठन प्रभारी, प्रदेश महामंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्ष उपस्थित रहे।

क्षेत्रीय प्रभारियों के तय हुए प्रवास : अनुराग ठाकुर ने सभी क्षेत्रीय चुनाव प्रभारी और संगठन प्रभारियों के साथ बैठक कर क्षेत्रवार विचार-विमर्श किया। इसमें तय किया गया कि रणनीति बनाने के लिए सभी चुनाव प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र की नब्ज टटोलेंगे। इसके लिए 26, 27 और 28 सितंबर को सभी प्रभारी प्रवास पर निकलेंगे।

मीडिया टीम को ठाकुर ने दिया प्रशिक्षण : चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने आए अनुराग ठाकुर ने भाजपा के मीडिया विभाग, प्रदेश प्रवक्ता, आइटी और सोशल मीडिया विभाग की अलग से बैठक की। उन्होंने मीडिया से बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

सुबह मुख्यमंत्री से मिले प्रधान और अनुराग : धर्मेंद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर पहुंचे। यहां योगी ने उनका अभिनंदन करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया। तीनों के बीच विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा भी हुई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.