Move to Jagran APP

UP Assembly by poll 2019 : विधायकों के जरिये जातीय समीकरण साध रही भाजपा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर होने वाले उप चुनाव के मतदान की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है वैसे-वैसे भाजपा अपनी ताकत झोंक रही है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 11 Oct 2019 09:47 AM (IST)Updated: Fri, 11 Oct 2019 09:55 AM (IST)
UP Assembly by poll 2019 : विधायकों के जरिये जातीय समीकरण साध रही भाजपा
UP Assembly by poll 2019 : विधायकों के जरिये जातीय समीकरण साध रही भाजपा

लखनऊ [आनन्द राय]। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर होने वाले उप चुनाव के मतदान की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे भाजपा अपनी ताकत झोंक रही है। हर क्षेत्र में पांच-पांच विधायक और इतने ही संगठन के पदाधिकारी लगाए गए हैं। इनके जरिये भाजपा जातीय समीकरण साध रही है। पहले से ही हर क्षेत्र में एक मंत्री और एक प्रदेश पदाधिकारी को चुनावी तैयारी की जिम्मेदारी दी गई है।

loksabha election banner

पिछड़ी जाति के फागू चौहान को बिहार का राज्यपाल बनाये जाने से रिक्त हुई मऊ जिले की घोसी सीट पर भाजपा ने पिछड़े वर्ग के ही विजय राजभर को मैदान में उतारा है, लेकिन चुनाव जीतने के लिए दूसरे वर्गों को साधने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। घोसी का प्रभारी पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिल राजभर और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल को बनाया गया है। राज्यमंत्री आनन्द शुक्ल (ब्राह्मण), विधायक डॉ. अवधेश सिंह (भूमिहार), संजय यादव (अहीर), ज्ञानेंद्र सिंह (कुर्मी), धनंजय कन्नौजिया (धोबी), श्रीराम सोनकर (खटिक) को घोसी का लक्ष्य दिया गया है।

यह भी पढ़ें : आजम के गढ़ पर भाजपा की निगाहें, हार को जीत में बदलने के लिए लगाई ताकत

यह सोशल इंजीनियरिंग सिर्फ घोसी में ही नहीं बल्कि सभी उप चुनाव वाले क्षेत्रों में अपनाई गई है। जिन 11 सीटों पर उप चुनाव हो रहे हैं उनमें 2017 में भाजपा नौ सीटें जीती थी, जबकि रामपुर में सपा और अंबेडकरनगर के जलालपुर में बसपा का परचम फहराया था। रामपुर और जलालपुर को भाजपा ने प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। अब रामपुर में विधायक देवेंद्र लोधी, डॉ. डीसी वर्मा, बहोरन लाल मौर्य, सरोजिनी अग्रवाल और संजय शर्मा, जबकि जलालपुर में विधायक संगीता यादव, रवि सोनकर, रामचंद्र यादव और राजेश गौतम को भेजा गया है।

यह भी पढ़ें : हमीरपुर में बसपा पर बढ़त के बाद सपा ने बदली रणनीति, अब तेज होंगे हमले

यहां तक कि सहयोगी अपना दल एस के खाते में छोड़ी गई प्रतापगढ़ सीट के लिए भी भाजपा ने बिसात बिछा दी है। प्रतागपढ़ में विधायक भूपेश चौबे, संजय गुप्ता, प्रवीण पटेल और विक्रमाजीत मौर्य चक्रव्यूह रचने में जुटे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल न केवल उप चुनाव वाले क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं बल्कि हर क्षेत्र से प्रतिदिन सूचना भी संकलित करा रहे हैं। मुख्यालय स्तर से भी नियमित बूथवार मानीटरिंग हो रही है।

यूपी में इन सीटों पर उपचुनाव

लखनऊ कैंट, बाराबंकी की जैदपुर, चित्रकूट की मानिकपुर, सहारनपुर की गंगोह, अलीगढ़ की इगलास, रामपुर, कानपुर की गोविंदनगर, बहराइच की बलहा, प्रतापगढ़, मऊ की घोसी, अंबेडकरनगर की जलालपुर।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.