Move to Jagran APP

सात फेरों की चार कहानियांः एक ने प्रेमिका के दूल्हे पर तानी बंदूक, दूसरा बिना दुल्हन लौटा

उत्तर प्रदेश के इटावा, बहराइच और रायबरेली में सात फेरों से जुड़ी कुछ अनोखी चर्चाएं सामने आईं।

By Nawal MishraEdited By: Published: Sat, 23 Jun 2018 10:55 PM (IST)Updated: Sun, 24 Jun 2018 10:54 AM (IST)
सात फेरों की चार कहानियांः एक ने प्रेमिका के दूल्हे पर तानी बंदूक, दूसरा बिना दुल्हन लौटा
सात फेरों की चार कहानियांः एक ने प्रेमिका के दूल्हे पर तानी बंदूक, दूसरा बिना दुल्हन लौटा

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के इटावा और रायबरेली में सात फेरों से जुड़ी कुछ अनोखी चर्चाएं सामने आईं। इटावा में बारात के स्वागत के समय आ पहुंचे एक सिरफिरे कथित प्रेमी ने प्रेमिका से शादी करने आए दूल्हे की बंदूक तान दी। रायबरेली में दूल्हा शराब पीकर पहुंच गया। नतीजतन दुल्हन से शराबी दूल्हेसे शादी करने से इन्कार कर दिया और बरात बिना दुल्हन लौट गई। यही नहीं बहराइच जिले में कुछ इसी तरह के विवादों में दो विवाह के दो बंधन जुड़ने से पहले ही टूट गए।

loksabha election banner

बंदूक की दम पर दूल्हे से मारपीट 

इटावा में दरवाजे पर बरात आ चुकी थी, बराती नाच रहे थे, तभी दुल्हन का प्रेमी अपने साथियों के साथ आ धमका। उसने दूल्हे के सीने पर बंदूक रखकर मारपीट शुरू कर दी। यह देख बरातियों ने प्रेमी और उसके एक साथी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। घटना के बाद दूल्हे ने शादी करने से इन्कार कर दिया।मूलरूप से औरैया निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की शादी भरथना में तय की थी। गुरुवार को इटावा के बकेवर में शादी थी। रात 11 बजे अगवानी शुरू हुई, दूल्हा रथ पर बैठा था, तभी दुल्हन का प्रेमी साथियों के साथ आया और रथ पर चढ़कर दूल्हे के सीने पर बंदूक रखकर धमकाने लगा। दूल्हे ने विरोध किया तो मारपीट कर दी। बरातियों ने दो को दबोच लिया और धुनाई कर दी, जिसमें खुद को दुल्हन का प्रेमी बताने वाला भी था। इसके बाद पुलिस को बुलाकर दोनों को सौंप दिया। दोनों युवकों के विरुद्ध दुल्हन के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पकड़े गए राहुल शुक्ला और उसके दोस्त सोनू चौहान को जेल भेज दिया। शनिवार को दूल्हा व दुल्हन के परिजन बकेवर थाने पहुंचे। कन्या पक्ष के लोग शादी करने के लिए दिनभर दूल्हे को मनाने की कोशिश करते रहे। थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक राय ने बताया कि घटना प्रेम प्रसंग के चलते हुई है। 

नशे में फेरे लेने पहुंचा दूल्हा

रायबरेली  शराब के नशे में सात फेरे लेने पहुंचे दूल्हे से शादी करने से दुल्हन ने इन्कार कर दिया। काफी मान-मनौवल के बावजूद जब दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई तो बरात वापस लौट गई। सलोन क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार शाम ऊंचाहार के एक गांव से बरात आई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम के समय बरात वधू पक्ष के दरवाजे पर आई। घरातियों ने बरातियों का धूमधाम से स्वागत किया। इसके बाद द्वारचार की रस्म अदा की जाने लगी लेकिन, कई बरातियों समेत दूल्हे ने भी शराब पी रखी थी। नशे में धुत होकर जब दूल्हा द्वारचार में पहुंचा तो उसकी हरकतें देखकर वधू पक्ष के लोग सकते में आ गए। इसके बावजूद वधू पक्ष दूल्हे की हरकतों को नजरअंदाज करता रहा। लेकिन, रात में फेरों से पहले शराब के नशे में धुत दूल्हे ने दुल्हन की बुआ को फोन पर भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। इस पर लड़की ने शादी से इन्कार कर बरात लौटाने के लिए कह दिया। वहां पर मौजूद कुछ लोगों ने सुलह कराने की कोशिश की पर दुल्हन ने नशेड़ी दूल्हे से शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद मामला सलोन कोतवाली पहुंचा। वहां दोनों पक्षों ने पंचायत कर शादी को समाप्त करने का फैसला किया। इसके बाद बरात लौट गई। सलोन कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के चढ़ावे के सामान को वापस कर दिया है। 

मनपसंद बाइक न मिलने पर निकाह से इन्कार

बहराइच में हरदी क्षेत्र के एक गांव में मनपसंद बाइक न मिलने से दूल्हे ने निकाह कुबूल करने से इन्कार कर दिया। परिवार की परेशानी को देखकर घराती व बराती पक्ष के कुछ संभ्रांत लोगों ने मशविरा किया। परिवारीजन की मर्जी से गांव के ही दूसरे लड़के से शादी तय की। इसके बाद बिना दहेज के निकाह की रस्म अदा की गई।लड़की के भाई ने बताया कि दो वर्ष पूर्व पंजाब से कमाई कर लौटते समय रास्ते से उसके पिता गायब हो गए। आज तक उनका पता नहीं चल सका। पिता के गायब होने के बाद परिवार के देखरेख की जिम्मेदारी उस पर आ गई। पीडि़त ने बताया कि उसने अपनी बहन की शादी सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र में तय की। भाई ने बताया कि बरात दरवाजे पर आई। निकाह की रस्म के समय दूल्हे ने अपाचे गाड़ी की मांग की। पीडि़त ने बताया कि दहेज में बाइक की मांग पर उसने हीरो हांडा डीलक्स गाड़ी खरीदने के लिए 57 हजार रुपये दिए, जबकि दूल्हे ने 70 हजार की मांग रखी। दहेज की मांग न पूरी करने पर दूल्हे ने निकाह से इन्कार कर दिया। मौके पर पहुंचे संभ्रांत लोगों ने कन्या व वर पक्ष की मर्जी से लड़की का निकाह बिना दहेज के गांव के दूसरे लड़के से कराया। पूरे रस्मों-रिवाज के साथ दूल्हा-दुल्हन ने निकाह कुबूल किया। एसओ दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। दोनों पक्षों को बुलाया गया था। दोनों पक्षों ने आपस में सुलह-समझौता कर लिया है। 

आपत्तिजनक फोटो देख शादी तोड़ी 

बहराइच रामगांव क्षेत्र के एक गांव  में दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे के वाट्सएप पर आपत्तिजनक तस्वीरों का मैसेज भेजकर प्रेमिका का घर बसने से पहले उजाड़ दिया। मैसेज देखने के बाद दूल्हा विवाह की वेदी से उठ गया और शादी से मना कर दिया। दोनों पक्षों में विवाद हुआ लेकिन, दूल्हा बिना शादी बरात लेकर वापस घर लौट गया।बताया गया कि बैंड बाजा के साथ बरात सजधज बाबुल के घर पहुंची। द्वारपूजा की रस्म के बाद विवाह की तैयारियां शुरू हुई। इसी दौरान दूल्हे के मोबाइल फोन पर एक नंबर से शादी न करने की धमकी के साथ दुल्हन के साथ पहले ली गई आपत्तिजनक फोटो भेजी गई। फोटो को देखकर दूल्हा भड़क गया और शादी करने से मना कर दिया। पड़ताल करने पर आरोपित लड़के को घरातियों व बरातियों ने पकड़कर पिटाई भी की। बीच-बचाव के दौरान आरोपित प्रेमी भागने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर झगड़ रहे दोनों पक्ष शांत हो गए। बरात में आए दो वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। दूल्हा बिना दुल्हन के बरात लेकर वापस अपने घर लौट गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले कोई तहरीर नहीं मिली है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.