मक्का-मदीना जाने वाले क्या वैटिकन जाना पसंद करेंगे : गिरिराज
अयोध्या में राम मंदिर के सवाल पर बोले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह। कहा, जहां हिंदुओं की संख्या घटी, वहां सामाजिक समरसता में आयी कमी।
लखनऊ, जेएनएन : अपने विवादास्पद बयानों के कारण सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरुवार को यहां फिर अपनी बेबाक बयानबाजी का नमूना पेश किया। अयोध्या में राम मंदिर के संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि फारुख अब्दुल्लाह और कई संगठन यह कहते आये हैं कि राम मंदिर तो कहीं भी बन सकता है। मैं वोट के ऐसे सौदागरों से पूछना चाहता हूं कि क्या हज के लिए मक्का-मदीना जाने वाले वैटिकन सिटी जाना पसंद करेंगे? क्या वैटिकन सिटी जाने वाले अयोध्या और मक्का-मदीना जाना चाहेंगे? यदि ऐसा नहीं है तो फिर देश के सौ करोड़ हिंदू भी अयोध्या में ही राम मंदिर का निर्माण होता देखना चाहते हैं।
गिरिराज ने बीते दिनों देवबंद में दिया गया अपना बयान दोहराया। यह कहकर कि देवबंद से तो बगदादी जैसे आतंकी निकलते हैं, जबकि गुरुकुल में शांति और प्रेम का संदेश फैलाने वाले छात्र पढ़ते हैं। जनसंख्या नियंत्रण को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में गिरिराज ने कहा कि चीन ने 1989 से जनसंख्या नियंत्रण पर काम शुरू कर दिया था और आज उसके सकारात्मक नतीजे दिख रहे हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि भारत में भी जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू हो। देश की तरक्की के लिए और सामाजिक समरसता के लिए भी। उन्होंने कहा कि देश में जहां-जहां हिंदुओं की संख्या घटी है, वहां सामाजिक समरसता में कमी आयी है।