केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा- महिलाएं घर और खेतों के कचरे से बायोगैस बनाएं तो केंद्र खरीदेगा
केंद्रीय पेट्रोलियम प्राकृतिक गैस एवं इस्पात मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश में बायोगैस बनाने की तकनीक के नए प्रोजेक्ट लागू कर रही है।
लखनऊ, जेएनएन। केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं इस्पात मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश में बायोगैस बनाने के पांच हजार प्रोजेक्ट स्थापित करना चाहती है। यहां महिलाएं कंपनी बनाकर घरों व खेतों के कचरे और पराली आदि अनुपयुक्त सामग्री से बायोगैस उत्पादन करें। केंद्र उनके द्वारा बनायी गैस को उचित मूल्य पर खरीदने को तैयार है। यूपी में महिलाएं इस योजना को पूरा करती हैं तो पूरे देश में बायोडायवर्सिटी प्रोग्राम लागू किया जाएगा और भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो जाएगा।
गुरुवार को उज्ज्वला गैस योजना पर आधारित वर्चुअल जनसंवाद सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि तेल व गैस क्षेत्र में आयात कम करने के लिए भारत को आत्मनिर्भर बनाना होगा। इसके लिए बायोगैस की ओर बढ़ना ही चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि देश की आठ करोड़ महिलाओं को उन्होंने गैस कनेक्शन दिलाने का काम किया है। प्रधान ने उज्ज्वला गैस योजना को आर्थिक व सामाजिक भागीदारी का अनुपम उदाहरण बताया।
आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना लाभार्थियों से संवाद किया।
प्रधानमंत्री @narendramodi जी की सभी योजनाओं के केंद्र में महिलाएँ और उनका उत्थान है।स्वच्छ भारत के शौचालयों के बाद एलपीजी, भारत में महिला सशक्तिकरण की ध्वजवाहक बनी है। pic.twitter.com/zfHdfzeWqI — Dharmendra Pradhan (@dpradhanbjp) June 25, 2020
केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बताया कि भारत करीब 9 लाख करोड़ विदेशी मुद्रा व्यय करके कच्चा तेल आयात करता है। क्या हम इस आयात को कम कर सकते हैं? इस दिशा में भी यूपी को सोचना होगा, जो प्रोजेक्ट यूपी में पूरा हो जाता है वो पूरे भारत में लागू हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन का परिणाम है कि कोरोना आपदा के समय देश की 20 करोड़ महिलाओं के खाते में सीधे 1500 रुपये की सहायता पहुंचा दी गयी।
केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि बलिया जिले से उज्ज्वला योजना को प्रधानमंत्री ने आरंभ किया था। केंद्र सरकार ने पांच करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा, जबकि आठ करोड़ घरों तक गैस पहुंचाई गई। अकेले यूपी में 1.48 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए। कोरोना संकट काल में प्रदेश में तीन माह में निशुल्क 2.26 करोड़ सिलेंडर माताओं-बहनों के पास पहुंचाए गए। आज देश के करीब 27 करोड़ परिवारों तक एलपीजी पहुंच गई है। वर्चुअल जनसंवाद सम्मेलन का संचालन महिला मोर्चा महामंत्री अर्चना मिश्रा ने किया तथा उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार ने आभार व्यक्त किया।