धान की रोपाई करने गईं दो चचेरी बहनें पहाड़ी नाले में बहीं, शव बरामद
धान की रोपाई कर वापस लौटते समय हुआ हादसा। दोनों बहनों का शव दुर्घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूरी पर हुआ बरामद।
श्रावस्ती, जेएनएन। सिरसिया थाना क्षेत्र के जमुनीकला गांव से धान की रोपाई करने गई दो चचेरी बहनें पहाड़ी नाले के तेज बहाव में बह गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रदोनों बहनों का शव लगभग दौ सौ मीटर की दूरी पर भैंसाही गांव के पास बरामद क लिया है। किशोरियों की डूबकर हुई मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जमुनीकला गांव पंचायत के दुरदुरपुर गांव की पूनम (10) पुत्री राजाराम व सीतापति (11) पुत्री बालकराम गांव की अन्य महिलाओं के साथ नाले के उस पार मालिकराम के खेत में धान की रोपाई करने के लिए शुक्रवार को गईं थी। वहां जब दोनों किशोरियां पहुंची तो खेत मालिक ने इन्हें नाबालिग होने के कारण रोपाई करने से मना कर दिया। धान रोपाई में जब इन्हें नही लगाया गया तो दोनों चचेरी बहन घर वापस लौटने लगी। रास्ते में पड़ रहे नाले को पार करते समय तेज बहाव होने के कारण दोनों बहनों का पैर फिसल गया और नाले की धारा में बह गई।
आसपास के लोगों ने दोनों चचेरी बहनों को डूबते देखा तो सूचना परिवारीजनों को दी। सिरसिया थाना प्रभारी मनोज पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों किशोरियों का तलाश शुरू किया गया। घटनास्थल से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर दोनों का शव बरामद कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को कब्जे में ले लिया गया है। विधिक कार्यवाई की जा रही है।