मुठभेड़ में पकड़े गए 10 हजार के दो इनामी, ट्रेन-बस में करते थे लूटपाट-टप्पेबाजी, पारा में हत्यारोपित गिरफ्तार
मुठभेड़ में बदमाशों ने पुलिस पर झोंका फायर बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी।
लखनऊ, जेएनएन। ट्रेनों में लूटपाट, टप्पेबाजी और अंतरराज्यीय बसों में लूट की घटनाओं का देने वाले दो शातिर लूटेरों को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया। दोनों ही वर्ष 2016 में लखनऊ के दारोगा खेड़ा में बस की लूट के मामले में वांछित चल रहे थे। उनके ऊपर 10-10 हजार रुपये का ईनाम भी था। सूचना मिलने पर बदमाशों को पकड़ने के लिए एसीपी दीपक कुमार सिंह ने थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही के साथ एसआईएल चौकी इंचार्ज बृजभान सिंह चंदेल, उपनिरीक्षक दिनकर वर्मा हेड कांस्टेबल सत्य प्रकाश सचान की टीम बनाई थी। सरोजनीनगर पुलिस और कृष्णानगर सर्किल क्राइम टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार देर रात शहीद पथ से गड़ौरा रोड की तरफ घेरेबंदी की थी। इस बीच वहां पर अलीगढ़ का रहने वाला योगेंद्र कुमार उर्फ जंगी अहरिया व एटा का रहने वाला महेश अहरिया आ गए।
उपनिरीक्षक अयनुद्दीन और उनकी टीम ने जैसे ही दोनों काे रोकने का प्रयास किया, एक ने तमंचा निकालकर फायर करने का प्रयास किया। पुलिस ने रात करीब डेढ़ बजे दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह शहीद पथ पर किसी बस में लूट की घटना को अंजाम देने आए थे। उन्होंने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2016 में दारोगा खेड़ा के पास एक बस को उसके ही गैंग ने लूटा था। जिसमें उसका एक साथी सुभाष अहरिया पकड़ा गया था। दाेनाें ने बताया कि वह अंतरराज्यीय बसों व ट्रेनों में लूटपाट, चोरी व ठगी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। उनके खिलाफ कई थानों पर मामला दर्ज है।
पारा पुलिस ने किया वांछित को गिरफ्तार
पारा के चुन्नूखेड़ा में बीती 18 मई को लोहे की राड से हमला कर राजगीर मिस्त्री को घायल कर दिया था। घायल राजगीर मिस्त्री की अस्पताल पहॅुचने से पहले ही मौत हो गई थी। घटना में वांछित चल रहे आरोपी को पारा पुलिस ने बीती रात चुन्नूखेड़ा शुभम सिटी के पास निर्माणाधीन भवन से गिरफ्तार कर लिया। चुन्नूखेड़ा शुभम सिटी में बीते 18 मई को राजगीर मिस्त्री 37 वर्षीय बबलू महतो महिला मजदूर के घर में घुसकर छेड़छाड़ कर रहा था। जिस पर महिला के पति सुरेन्द्र गिरि ने लोहे की पाइप से बबलू महतो की पिटाई कर दी थी। जिसकी वजह से बबलू गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बबलू की मौत हो गई थी। बबलू के दोस्त मुकेश महतों ने सुरेन्द्र गिरि की पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच की। जिसमें महिला की जगह उसका पति दोषी पाए जाने पर बीती रात चुन्नूखेड़ा शुभम सिटी के निर्माणाधीन भवन से सुरेन्द्र गिरि को लोहे की पाईप के साथ पारा पुलिस ने गिरफ्तार किया।