अयोध्या में कोहरे ने ली दो होमगार्ड जवानों की जान, डीजी होमगार्ड पहुंचे; कहा-मृतक आश्रितों को दी जाएगी नौकरी
हादसे का शिकार हुए होमगार्ड जवान बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। बताया गया कि हादसे में कोतवाली बीकापुर के कोछा मठिया निवासी अजय चौहान व दयालजोत के निवासी अशोक तिवारी (पूती) की दर्दनाक मौत हो गई है।
अयोध्या, जेएनएन। कोहरे के कहर ने ड्यूटी कर अपने घर जा रहे दो होमगार्ड जवानों की जान ले ली। शनिवार सुबह शहर स्थित एक अधिकारी की ड्यूटी कर एक ही बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले थे। जैसे दोनों अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित डाभा सेमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुँचे एक अज्ञात पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार कर भाग निकली। पुलिस ने दोनों को गंभीर देख 108 नंबर एम्बुलेंस से इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया, जहाँ पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के दयालजोत गांव निवसी 58 वर्षीय अशोक तिवारी व कोछा मजरे मठिया निवासी 28 वर्षीय अजय चौहान होमगार्ड जवान के रूप में तैनात थे। शनिवार सुबह शहर स्थित एक अधिकारी के यहां से अपनी रात्रि ड्यूटी कर सुबह घर के लिए एक बाइक पर दोनों निकले थे, सुबह सात बजे के करीब जैसे ही डाभा सेमर के पास पहुंचे थे उसी दौरान तेज कोहरे के बीच एक अज्ञात तेज रफ्तार पिकअप ने आकर सामने से जोरदार टक्कर मारकर भाग निकली।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों काफी दूर जाकर गिरे और गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पहुँची पूराकलंदर पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया। अस्पताल पहुँचने पर मौजूद चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो टक्कर मारने वाला वाहन पिकअप था, कोहरे के लाभ लेकर भाग निकली पर तलास की जा रही है। होमगार्डों की मौत की जानकारी मिलने पर डीजी होमगार्ड विजय कुमार अयोध्या पहुंचे। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों को ढांढस बंधाया। डीजी होमगार्ड विजय कुमार ने कहा कि दोनों होमगार्डों के मृतक आश्रित को नौकरी दी जाएगी। विभाग उनकी पूरी मदद करेगा। एक्सीडेंटल बीमा का क्लेम भी दिया जाएगा।