योगी सरकार की ढाई वर्ष की उपलब्धियों पर मनेगा जश्न, 19 सितंबर को होंगे कई प्रमुख कार्यक्रम
योगी सरकार 19 सितंबर को ढाई वर्ष पूरा कर रही है। इस मौके को यादगार बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
लखनऊ, जेएनएन। योगी सरकार 19 सितंबर को ढाई वर्ष पूरा कर रही है। इस मौके को यादगार बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। अपर मुख्य सचिव सूचना व गृह अवनीश कुमार अवस्थी का कहना है कि इस ऐतिहासिक मौके पर कई आयोजन होंगे। एक-दो दिन में इसको अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
योजनाओं के क्रियान्वयन में देश पैमाने पर उत्तर प्रदेश सरकार ने रिकार्ड बनाया है। सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान, स्वच्छता अभियान, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास जैसी कई योजनाएं हैं जिसमें उत्तर प्रदेश ने नये कीर्तिमान स्थापित किये हैं। इंसेफेलाइटिस, डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है। सरकार ने उपचार से अधिक बचाव पर जोर देकर बीमारियों पर काबू पाने का नुस्खा आजमाया और यह प्रयोग सफल रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास के साथ कानून-व्यवस्था पर जोर दिया है।
ढाई वर्ष में सभी पर्व-त्यौहार शांति पूर्वक संपन्न हुए हैं। होली, दीपावली से लेकर ईद व मुहर्रम के त्यौहारों में भाईचारा कायम रहा। प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार का ही नतीजा रहा कि संगठित अपराध पर अंकुश लगा। इससे उद्यमियों का उत्तर प्रदेश में निवेश के प्रति आकर्षण बढ़ा। योगी की अगुवाई में प्रयागराज में कुंभ का ऐतिहासिक आयोजन हुआ और भारतीय संस्कृति की पताका पूरी दुनिया में फहराई। 15वें प्रवासी भारतीय दिवस के आयोजन में देश-दुनिया के लोग जुटे और विकास के पथ पर कदमताल करने को प्रतिबद्ध दिखे।
इसी ढाई वर्ष की अवधि में दो ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित हुई और इसमें अपेक्षित सफलता मिली। पर्यटन विकास के साथ ही काशी, मथुरा और अयोध्या में कई ऐसे आयोजन हुए जिसने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया। अयोध्या में दीपोत्सव पर्व की शुरुआत कर योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को नई पहचान दी। वह होली में मथुरा भी गये। चित्रकूट के विकास के लिए भी खास पहल की। रामायण सर्किट के विकास पर सरकार ने विशेष जोर दिया।
भ्रष्टाचार पर लगाई लगाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगाया। जिन लोगों के खिलाफ शिकायतों का अंबार था उन्हें पद मुक्त करने के साथ ही अच्छे लोगों को मौका दिया। तबादलों में घपलेबाजी पर भी उन्होंने अंकुश लगाया। अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई।