किन्नरों ने सीतापुर में थाने के गेट पर रोड जामकर किया विरोध-प्रदर्शन, शादी समारोह में पिटाई से थे आहत
सीतापुर में थाने के सामने प्रदर्शन कर रहे किन्नरों ने आरोप लगाया कि शादी समारोह में नेग लेने के दौरान लड़की पक्ष की तरफ से उनकी पिटाई की और उनके जेवर भी छीन लिए। काफी देर चले प्रदर्शन के बाद किन्नरों की तहरीर ली गई।
सीतापुर, संवादसूत्र। पिटाई से आहत किन्नराें ने हरगांव में रोड जाम कर दी। लखीमपुर-सीतापुर रोड पर वाहनों की लाइन लग गई। हरगांव थाने के गेट पर भी विरोध-प्रदर्शन किया। रोड जाम की वजह मारपीट के मामले में पुलिस की सुस्त कार्यशैली बताई गई। आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा तो पुलिस हरकत में आई। किन्नरों की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया।
तहरीर में काजल किन्नर ने बताया कि मैं और मेरे साथी मंगलवार की सुबह ददवारा गए थे। शादी-समारोह में बधाई के दौरान करीब 15 से 20 अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। मुझे और मेरे साथियों को पीटा गया। कान के कुंडल और मंगलसूत्र छीन लिया। साथी का मोबाइल भी छीन ले गए। सड़क पर दौड़ाकर पीटा गया। उधर, किन्नरोंं को प्रदर्शन करते देख सड़क पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोग, जाम की वजह पूछते नजर आए।
ये गए थे बधाई मांगने : किन्नर जूही ने बताया कि हम लोगों की टोली सुबह गांव गई थी। टोली में मुस्कान, लवली, काजल और तराना किन्नर के अलावा एक ढोलक मास्टर था। गीत गाना शुरू ही किया था कि लड़की पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। लाठी डंडों से मारा-पीटा गया। छेड़खानी की और कमरे में खींचने का प्रयास किया। हम लोगों ने हाथ-पैर जोड़कर अपना बचाव किया।
तीन घंटे से थाने में डटे, बाहर नहीं निकले थानाध्यक्ष : जूही ने बताया कि वे लोग करीब तीन घंटे से थाने में बैठे में हैं। थानाध्यक्ष बाहर नहीं निकले। मजबूर होकर रोड जाम की और गेट पर प्रदर्शन किया तब जाकर पुलिस ने तहरीर ली। जूही ने बताया कि पिटाई में काजल और लवली को अधिक चोट आई। डाक्टरी कराई गई है।
गांव में नेग मांगने के दौरान विवाद हुआ है। किन्नरों का डाक्टरी परीक्षण कराया गया। मामले की जांच की जा रही है। - बृजेश त्रिपाठी, थानाध्यक्ष हरगांव