लखनऊ में रोहित मिश्रा के काफिले ने लगाया जाम, तलवार लहराते दिखे युवा मोर्चा अध्यक्ष
भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के पदभार ग्रहण समारोह में सैकड़ों गाड़ियों के काफिले से लखनऊ ...और पढ़ें

भाजपा कार्यालय पदभार ग्रहण करने जाने के दौरान तलवार लहराते भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रोहित मिश्रा। जागरण
HighLights
रोहित मिश्रा के काफिले से लखनऊ में लगा भीषण जाम
प्रधानमंत्री की ईंधन बचाने की अपील की अनदेखी की गई
कार्यकर्ताओं ने तलवार भेंट की, अध्यक्ष ने लहराई चलती गाड़ी से
जागरण संवाददाता, लखनऊ। एक ओर प्रधानमंत्री ने मंत्रियों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों और आम लोगों से राष्ट्रहित में ईंधन बचाने और काफिले में कम गाड़ियां लेकर चलने की अपील की है। दूसरी ओर भारतीय जनता युवा मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा रविवार को सैकड़ों गाड़ियों के साथ हजरतगंज स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पदभार ग्रहण करने पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जियामऊ पेट्रोल पंप के पास सड़क पर उनके स्वागत के लिए टेंट लगाया।
कार्यकर्ताओं ने उन्हें तलवार और गदा भेंट किया। प्रदेश अध्यक्ष ने तलवार लहराई। लंबे काफिले के कारण रविवार होने के बाद भी 1090 से भाजपा मुख्यालय तक दोपहर में जाम लगा रहा।
रोहित मिश्रा लाव-लश्कर के साथ रविवार को पहुंचे थे पदभार संभालने
रविवार को भाजपा मुख्यालय में उनका पदभार ग्रहण कार्यक्रम था। इसे लेकर सुबह से ही 1090 चौराहे से लेकर भाजपा मुख्यालय तक प्रदेश के अलग-अलग शहरों से कार्यकर्ता पहुंचे। बड़ी संख्या में वाहनों के आने से 1090 चौराहा, जिया मऊ, पार्क रोड, हजरतगंज चौराहा, धेनुमति अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों में वाहनों की कतार लग गई।
कड़ी धूप में जाम से जूझते रहे लोग, प्रदेश अध्यक्ष ने लहराई तलवार और उठाया गदा
दोपहर में गोल्फ क्लब चौराहे के पास कई गाड़ियां लेकर कार्यकर्ता पहुंचे और बेतरतीब गाड़ियां खड़ी कर रील बनाने लगे। नतीजतन, लोहिया पथ पर लंबा जाम लग गया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को यातायात सुचारू कराने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें- बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी: आरोपित प्रमोद नौटियाल चमोली पुलिस की हिरासत में, SIT करेगी पूछताछ
क्रेन पर माला टांगकर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया
प्रदेश अध्यक्ष के जियामऊ पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर क्रेन पर माला टांगकर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस बीच एक कार्यकर्ता ने उन्हें तलवार और गदा भेंट किया। उन्होंने चलती गाड़ी पर तलवार लहराई। कड़ी में धूप में स्वागत के चलते सड़क पर काफी देर तक यातायात बाधित हुआ जिससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा।
