डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा के समक्ष यूपी के व्यापारियों ने उठाई समस्याएं, आर्थिक पैकेज की मांग
व्यापारी नेता ने डिप्टी सीएम से लॉकडाउन के कारण प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन के बिल पर 12 माह के लिए मिनिमम चार्ज फिक्स चार्ज सर चार्ज एवं अन्य सभी प्रकार के चार्ज माफ किए जाएं।
लखनऊ, जेएनएन। व्यापारियों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों का एक दल सूबे के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से उनके आवास पर मिला। व्यापारी नेता ने डिप्टी सीएम से लॉकडाउन के कारण प्रदेश के व्यापारियों को आ रही समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने आर्थिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि व्यापारियों के कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन के बिल पर 12 माह के लिए मिनिमम चार्ज, फिक्स चार्ज, सर चार्ज एवं अन्य सभी प्रकार के चार्ज माफ किए जाएं। व्यापारियों का कामर्शियल हाउस टैक्स माफ किया जाए। छोटे एवं मझोले व्यापारियों के लिए प्रदेश स्तर पर आर्थिक सहायता की योजना बनाने की मांग और व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना का दायरा बढ़ाते हुए संचालित बीमा योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपए आर्थिक सहायता दी जाए। व्यापारी नेता ने व्यापारियों को फ्रंटलाइन कोरोना योद्धा मानते हुए उनके परिवारीजनों को सरकारी कर्मचारियों की भांति ₹50 लाख की अनुग्रह राशि दिए जाने की बात उठाई। सरकारी वसूली एक साल के लिए शिथिल की जाए। व्यापारी सरकार के खजाने को कर संग्रह कर उसे भरने में अपनी विशेष भूमिका निभाता है। इस विपरीत परिस्थितियों में व्यापारी समाज प्रदेश सरकार की ओर आशा भरी निगाहों से आर्थिक सहयोग के लिए देख रहा है। प्रदेश सरकार अगर व्यापारियों के लिए कोई वित्तीय पैकेज और सहायता घोषित नहीं करेगी तो व्यापार को फिर से खड़ा करने में संकट का सामना करना पड़ेगा। व्यापारी नेता ने उप मुख्यमंत्री को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह ,नगर उपाध्यक्ष मोहित कपूर, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम आदि शामिल थे।
व्यापारियों ने रोपे 21 पौधे: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने झूलेलाल वाटिका हनुमान सेतु में पौधरोपण अभियान चलाया। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर व्यापारियों ने 21 पौध लगाए। इसमें प्रांतीय मीडिया प्रभारी योगेंद्र सिंह, नगर महामंत्री अमरनाथ अग्रवाल, उपाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने व्यापारी नेता स्व.श्याम बिहारी मिश्रा की याद में भी पांच पीपल के पौधे रोपे। महिला नगर अध्यक्ष ममता जिंदल ने सुहाग की वरदानी बरगद के पेड़ लगाएं।इसके अलावा युवा इकाई के रमन मिश्रा, अभय उपाध्याय, निखिल एवं योगेश पांडे ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वर्षगांठ मनाते हुए 21 पौधों का रोपण किया। व्यापारी नेताओं ने आश्वस्त किया, कि वह प्रतिदिन यहां पर टहलने व पक्षियों को दाना देने के लिए आते हैं। लगाए गए पौधों की देखरेख व पालने की जिम्मेदारी वे स्वयं निभाएंगे। अभियान में योगेश पांडेय, वर्षा अग्रवाल, अखिल सहाय, राहुल दवे, नीरज कुमार, जोगिंदर कुमार आदि मौजूद रहे।