दीपोत्सव पर तीर्थंकर महावीर का मोक्षकल्याणक महोत्सव, जैन मंदिरों में लगेगा लड्डू का भोग
लखनऊ में 14 नवंबर को कार्तिक कष्ण अमावस्या को जहां एक ओर दीपोत्सव का उल्लास नजर आएगा तो दूसरी ओर जैन मंदिरों में जैन धर्म के 24वें और अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा।
लखनऊ, जेएनएन। 14 नवंबर को कार्तिक कष्ण अमावस्या को जहां एक ओर दीपोत्सव का उल्लास नजर आएगा तो दूसरी ओर जैन मंदिरों में जैन धर्म के 24वें और अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। जैन मंदिरों में सुबह अभिषेक, शांति धारा और भगवान महावीर का पूजन होगा तो शाम को दीपोत्सव होगा। उप्र जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो.अभय कुमार जैन ने बताया कि इस दिन जैन चतुर्मास पूर्ण हो जाते हैं, जैन मुनिओं और आर्यिकाओं का एक स्थान से दूसरे स्थान पर विहार शुरू हो जाता है। जैन समाज का नया साल भी इसी दिन से शुरू होता है। सत्य, अहिंसा और सपर्पण को जीवन में उतारने के संकल्प को जीवन में उतारने वाले भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में 15 को जैन मंदिर आशियाना में लड्डू चढ़ेगा। डालीगंज के विनय कुमार जैन ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में विधान शुरू हो जाएंगे। चौक जैन मंदिर के अध्यक्ष अशोक कुमार जैन ने बताया कि सुभाष जैन व सिद्धार्थ जैन समेत समाज के लोगों की मौजूदगी में आयोजन होगा। भगवान महावीर ने देश व समाज को जोड़ने और व्याधियों को दूर करने का संदेश दिया था। इसी संदेश को जनजन तक पहुंचाने का संकल्प लेेने का दिन निर्वाण दिवस होता है। दीपावली के दिन होने वाले आयोजन में मंदिरों को सजाया भी जाएगा।
जैन दर्शन पर वेबिनार कल
उप्र जैन विद्या शोध संस्थान के निदेशक डा.राकेश सिंह ने बताया कि 11 नवंबर को जैन दर्शन में नारी का स्थान विषय पर वेबिनार होगा। मिशन शक्ति के तहत संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो.अभय कुमार जैन के संयोजन में होने वाले वेबिनार में प्रो.सुधा जैन, प्रो.निवेदिता जैन, डा.ज्योति जैन, डा.मीनाक्ष्री जैन, डा.शिवानी जैन, ऋचा जैन, डा कमलेश जैन, डा.पत्रिका जैन, डा.मुन्नी देवी जैन, डा.मनीषा जैन, डा.त्रिसला जैन व डा.राका जैन शामिल होंगी। वेबिनार सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा।