Winter: लखनऊ में कक्षा आठ तक के छात्रों का समय बदला, अयोध्या में दो दिन अवकाश Lucknow News
लखनऊ के सभी निजी व सरकारी स्कूल में कक्षा आठ तक के छात्रों के समय में बदलाव। सुबह 10 बजे खुलेंगे छुट्टी दोपहर तीन बजे होगी। अयोध्या में दो दिन स्कूलों में अवकाश।
लखनऊ, जेएनएन। पहाड़ों का मौसम बदला तो मैदानों की हवा में सर्दी घुल गई। बढ़ती सर्दी के चलते राजधानी लखनऊ के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में कक्षा आठ तक के छात्रों का समय बदला गया है। वहीं, अयोध्या में दो दिन स्कूलों को बंद करने निर्देश जारी हुए। लखनऊ में जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के निर्देशानुसार अब सभी सरकारी व निजी स्कूल बुधवार से सुबह 10 बजे खुलेंगे, जबकि छुट्टी दोपहर तीन बजे होगी। अभी तक स्कूलों का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक का था।
लखनऊ में 10 बजे से लगेगी क्लास
जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के निर्देश में कहा कि भीषण शीतलहर को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त राजकीय/ परिषदीय/ अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय एवं समस्त बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्री प्राइमरी से कक्षा आठ तक की कक्षायें बुधवार से अग्रिम आदेशों तक सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित की जायेगी।
अयोध्या में दो दिन स्कूलों में छुट्टी
उधर, जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के निर्देश पर जिले के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी कक्षा एक से आठ तक की संचालित/परिषदीय मान्यता प्राप्त प्राथमिक विद्यालय/ पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में दो दिन (18 व 19 दिसंबर) तक बच्चों का अवकाश घोषित कर दिया है।
हवा की रफ्तार बढ़ने पर कोहरा कम होगा
हवा की रफ्तार बढ़ने पर कोहरा कम होगा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान भी 23 और 10 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। शहर के शीतलहर की चपेट में आने के भी आसार हैं। इस बीच हवाओं के कारण लगातार तीसरे दिन शहर की हवा में सुधार हुआ। बता दें, सोमवार को लखनऊ के न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पारा 14.2 से गिरकर 10.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सोमवार को लखनऊ का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स रविवार के मुकाबले 27 यूनिट अधिक 158 रिकॉर्ड किया गया।