बकरी चराने गई महिला पर बाघ ने किया हमला, सीएचसी में भर्ती
लखीमपुर में शुक्रवार को बाघ ने बकरी चराने गई महिला पर हमला कर जख्मी कर दिया शोर मचाने पर भागा।
लखीमपुर, जेएनएन। जिले में जंगल में बकरी चराने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहां पास के खेत में काम करने वाले लोगों के शारे मचाने पर वो वहां से भाग खड़ा हुआ। महिला को बांकेगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद, जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला की पीठ और बाएं हाथ पर बाघ के पंजे लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
लेलून नगर निवासी विमला (45) पत्नी सुग्रीव को बाघ ने हमला कर घायल कर दिया। महिला के पति के अनुसार महिला जंगल के पास बकरी चरा रही थी कि तभी अचानक बाघ ने हमला कर दिया, पास के खेतों में साठा धान लगा रहे लोगों के शोर पर बाघ वहां से भाग गया। जिसके बाद घायल अवस्था में ही वह अपनी पत्नी को लेकर बांकेगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आ गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं घटना पर डिप्टी रेंजर एसएस चौहान ने बताया कि घटना गोला वन क्षेत्र सिकंदरपुर बीट की है। जहां महिला जंगल के अंदर उल्ल नदी के पास बाघ के हमले से घायल हो गई। घटना बाघ बहुल क्षेत्र की है जहां प्रवेश पूरी तरह से वर्जित है।