विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डेंगू से सीतापुर के सीडीपीओ समेत तीन की मौत, बुखार के 16 मरीज भर्ती Lucknow News

By Anurag GuptaEdited By:
Published: Sun, 17 Nov 2019 08:19 PM (IST)Updated: Mon, 18 Nov 2019 07:19 AM (IST)

लखनऊ के माल और प्रयागराज निवासी मरीजों की भी डेंगू से गई जान बुखार के 16 और मरीज अस्पतालों में भर्ती।

डेंगू से सीतापुर के सीडीपीओ समेत तीन की मौत, बुखार के 16 मरीज भर्ती Lucknow News
डेंगू से सीतापुर के सीडीपीओ समेत तीन की मौत, बुखार के 16 मरीज भर्ती Lucknow News

लखनऊ, जेएनएन। डेंगू से पिछले चौबीस घंटों में तीन और लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक जितेंद्र सिंह राठौर को सीतापुर का बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) बताया जा रहा है। 

माल के गहदो गांव निवासी रवि सिंह (28) को सप्ताहभर से बुखार था। पहले उन्होंने स्थानीय स्तर पर दिखाया, मगर बुखार कम नहीं हुआ। इसके बाद कृष्णानगर स्थित निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया। यहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। शनिवार को रवि की हालत अधिक गंभीर हो गई। शाम को उनकी मृत्यु हो गई। 

लखीमपुर के निवासी थे जितेंद्र

लखीमपुर के गोला निवासी जितेंद्र सिंह राठौर (36) को कई दिनों से बुखार था। परिवारजन ने जितेंद्र को इंदिरा नगर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जांच में डेंगू पाया। हालत गंभीर होने पर जितेंद्र को आइसीयू में रखा गया, जहां शनिवार देर रात जितेंद्र की मौत हो गई। जितेंद्र को सीतापुर में बाल विकास परियोजना अधिकारी बताया जा रहा है। 

प्रयागराज निवासी की मौत पर अस्पताल में हंगामा

प्रयागराज निवासी जसमीत सिंह (26) को भी कई दिन से बुखार था। डॉक्टरों ने उनमें डेंगू की पुष्टि की। हालत गंभीर होने पर शुक्रवार को कृष्णानगर के निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। यहां जसमीत को आइसीयू में भर्ती किया गया। शनिवार को जसमीत की मौत हो गई। इस दौरान परिवारजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि समय पर मरीज को प्लाज्मा नहीं चढ़ाया गया। इस दौरान गार्डों और परिवारजन के बीच मारपीट हुई। ऐसे में पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। 

लगातार आ रहे मरीज

शहर में रविवार को 16 मरीज बुखार के भर्ती किए गए। इनका इलाज केजीएमयू, लोहिया, सिविल, बलरामपुर व अन्य निजी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने डेंगू की आशंका जताई है। जांच के लिए खून का सैंपल भेजा गया है।