भाजयुमो में उत्तर प्रदेश के तीन चेहरे, अवध क्षेत्र से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लगातार तीसरी बार महामंत्री
Faces of UP in BJYM: राष्ट्रीय महामंत्री का पद लगातार तीसरी बार (अभिजात मिश्रा, वैभव सिंह एवं हर्षवर्धन सिंह) अवध ...और पढ़ें

युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में हर्षवर्धन सिंह महामंत्री, निखिल मणि त्रिपाठी उपाध्यक्ष और विनीत वत्स त्यागी कोषाध्यक्ष

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी सभी राजनीतिक समीकरणों को मजबूत करने में जुटी है। राष्ट्रीय राजनीति की धुरी उत्तर प्रदेश को संगठन में विशेष वरीयता दी गई है।
भाजपा की 17 अगस्त को घोषित नई राष्ट्रीय टीम में जहां यूपी के आठ चेहरों को शामिल किया गया, वहीं अब युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में भी अयोध्या के हर्षवर्धन सिंह को महामंत्री, निखिल मणि त्रिपाठी को उपाध्यक्ष और गाजियाबाद के विनीत वत्स त्यागी को कोषाध्यक्ष बनाकर प्रदेश के चुनावी तारों को कसा गया है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि राष्ट्रीय महामंत्री का पद लगातार तीसरी बार (अभिजात मिश्रा, वैभव सिंह एवं हर्षवर्धन सिंह) अवध क्षेत्र के हिस्से में आया है। राजनाथ सिंह भी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रह चुके हैं।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने दशहरा के दिन संगठन की घोषणा की, जिसमें 37 वर्षीय अयोध्या के हर्ष वर्धन सिंह को महामंत्री बनाकर क्षत्रिय समीकरण को दोहराया गया। उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल की पसंद माना जाता है। इससे पहले यानी तेजस्वी सूर्या की टीम (2021) में गोंडा के वैभव सिंह (पिता सत्यदेव सिंह तीन बार युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे) महामंत्री बनाए गए थे।
एमटेक तक शिक्षित हर्षवर्धन सिंह 2018 से लगातार उत्तर प्रदेश भाजयुमो के महामंत्री हैं। उन्होंने 2022 के विधान सभा चुनाव के दृष्टिगत युवोथान कार्यक्रम की रूपरेखा बनाया, जिसके अंतर्गत प्रदेशभर में युवा प्रोफेसनलों, डाक्टरों, इंजीनियरों, शिक्षाविदों एवं बैंकर्स को पार्टी के साथ जोड़ने का प्रयास किया। नमो युवा रक्तदान एवं नमो युवा रन जैसे कार्यकम भी चर्चा में रहे। उन्हें उत्तर प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष बनाने की चर्चा थी, लेकिन यह बाजी रोहित मिश्रा के हाथ लगी।
राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के करीबी कहलाने वाले देवरिया में सक्रिय निखिल मणि त्रिपाठी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह वर्तमान में युवा मोर्चा अवध क्षेत्र में क्षेत्रीय महामंत्री हैं। पिछली टीम में डा. अभिनव प्रकाश को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था।
जानकारों का कहना है कि निखिल का ग्राफ बढ़ने से देवरिया में विधायक शलभमणि त्रिपाठी के सामने चुनौती खड़ी होगी। मेरठ के सिवालखास विधान सभा क्षेत्र के विनीत वत्स त्यागी अब गाजियाबाद में रहते हैं। वह वर्तमान में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी हैं। उन्हें राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
इससे पहले अगस्त में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी और स्मृति ईरानी को महामंत्री, एमएलसी तारिक मंसूर और पूर्व सांसद रेखा वर्मा को उपाध्यक्ष, सांसद भोला सिंह और राज्य सभा सदस्य संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाकर प्रदेश की राजनीतिक शक्ति का सम्मान किया गया। राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कमान अमरपाल मौर्य और अपसंख्यक मोर्चा की कुंवर बासित अली को देकर यूपी का समीकरण कसा गया है।
15वें राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद हेमांग जोशी
1978 में गठित भाजयुमो के 15वें राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद हेमांग जोशी हैं। यह पद यूपी के चार लोगों को मिल चुका है। पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष कलराज मिश्र (1978-1980) को बनाया गया। गोंडा के सत्यदेव सिंह 1980 से 1986 तक तीन बार युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। राजनाथ ने 1988 से 1990 तक अध्यक्षता की, जबकि रामाशीष राय ने 1997 से 2000 तक यह दायित्व निभाया।
