महिला का अपहरण कर छेड़छाड़, विरोध करने पर चलती कार से फेंका
एएसपी टीजी ने बताया कि अपहरण, छेड़छाड़, लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को रात में ही हिरासत में ले लिया गया था। जांच में आरोप निराधार निकले।
लखनऊ, (जेएनएन)। क्राइम कंट्रोल, फरियादियों की सुनवाई समेत अन्य बिंदुओं पर देश में गुडंबा थाने को तीसरे स्थान मिला था। इसी थाने की पुलिस ने एक कारनामा कर दिखाया। घटना शनिवार रात की है। गोंडा निवासी एक महिला रिश्तेदारों के साथ गुडंबा क्षेत्र स्थित चार नंबर चौराहे पर पहुंची। महिला के मुताबिक वह ऑटो का इंतजार कर रही थी। इस बीच स्कार्पियो सवार करीब छह युवक पहुंचे और उसे गाड़ी में खींच लिया और छेड़छाड़ करने लगे। उधर, रिश्तेदारों की चीख-पुकार सुनकर लोग दौड़े तो बदमाश महिला को कार से फेंककर भाग निकले। पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने देर रात पुलिस आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। थाने में रातभर रखने के बाद रविवार रात छोड़ दिया।
उधर मामले में एएसपी टीजी हरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर अपहरण, छेड़छाड़, लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को रात में ही हिरासत में ले लिया गया था। जांच में आरोप निराधार निकले। इसके बाद आरोपितों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि कार सवार आरोपितों के पकड़े जाने पर कुछ सफेदपोश थाने पहुंचे थे। उन्होंने आरोपितों को छुड़ाने के लिए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रविवार शाम को दर्ज हुई संगीन धाराओं में क्लीन चिट देकर मात्र शांतिभंग की धाराओं में चालान कर उन्हें छोड़ दिया।