Indo-Nepal Border Issue: मालवाहक वाहनों के नेपाल आने-जाने का समय बहाल, आंतरिक कानून मंत्री ने बैठक में दी हरी झंडी
कैलाली उद्योग वाणिज्य संघ की पहल पर सुदूर पश्चिम प्रदेश के आंतरिक कानून मंत्री प्रकाश बहादुर शाह ने भारत से नेपाल आने वाले मालवाहक वाहनों की समय सीमा बदलकर पूर्ववत कर दी है। गौरीफंटा सीमा से बुधवार को सुबह छह बजे से नेपाल जाने लगे वाहन।
लखीमपुर, जेएनएन। दैनिक जागरण में खबरें छपने के बाद बड़ी सफलता मिली है। कैलाली उद्योग वाणिज्य संघ की पहल पर सुदूर पश्चिम प्रदेश के आंतरिक कानून मंत्री प्रकाश बहादुर शाह ने भारत से नेपाल आने वाले मालवाहक वाहनों की समय सीमा बदलकर पूर्ववत कर दी है। बुधवार को सुबह छह बजे से वाहनों का आवागमन शुरू भी हो गया है।
आंतरिक कानून मंत्री प्रकाश बहादुर शाह की मंगलवार को विभागीय अधिकारियों व कैलाली उद्योग वाणिज्य संघ के पदाधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। बैठक में व्यापारियों ने वाहनों के आवागमन का समय कम करने से होने वाली परेशानियों से सुदूर पश्चिम प्रदेश के आंतरिक कानून मंत्री को अवगत कराया था। जिसमें उन्होंने आश्वासन दिया था कि इस मुद्दे पर देर शाम तक फैसला ले लिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से अलग से विचार विमर्श किया और उसके पश्चात पूर्व की भांति सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित करने का आदेश जारी कर दिया। इतना ही नहीं आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दिया गया है। फलस्वरूप बुधवार को सुबह छह बजे से वाहनों का नेपाल आवागमन शुरू हो गया है। बैठक में यह भी निश्चित किया गया कि गौरीफंटा बार्डर से नेपाल जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व जांच का अधिकार कंचनपुर जिला प्रशासन के पास ही रहेगा। पहले यह अधिकार कैलाली जिला प्रशासन के पास था। जिसे बदल कर कंचनपुर जिला प्रशासन को दे दिया गया था। इसके बाद ही समय बदलने से विवाद शुरु हुआ था।
इस मामले में लखीमपुर के जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह ने कंचनपुर के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर एतराज जताया था और आवागमन का समय पूर्ववत करने का अनुरोध किया था। आवागमन का समय बदल जाने से भारत के वाहन चालकों, आढ़तियों व नेपाल के व्यापारियों में खुशी है। बैठक में आंतरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख सचिव, सह सचिव व कैलाली व कंनचनपुर के जिलाधिकारी, कैलाली के कस्टम विभाग के प्रमुख अधिकारी, उद्योग वाणिज्य संघ के पदाधिकारी शामिल थे।