यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Weather Alert: यूपी में चिलचिलाती धूप ने 4 डिग्री तक चढ़ाया पारा, 48 घंटे बाद बदलेगा मौसम, बारिश के आसार
UP Weather Update Alert Today मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में अगले 36 से 48 घंटों के बीच मौसम बदलने ...और पढ़ें

HighLights
- उत्तर प्रदेश के कई शहरों में अगले 48 घंटों में मौसम बदलने की संभावना, बारिश से मिलेगी राहत
- कानपुर में 39 डिग्री व हमीरपुर में 38 डिग्री पहुंचा तापमान, तेज धूप बरपा रही कहर
लखनऊ, जासं। दिनभर कड़कती धूप में राजधानी समेत प्रदेश भर में तापमान में तीन से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत राजधानी के आसपास तापमान में गिरावट आनी शुरू हो जाएगी और मंगलवार से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बूंदाबांदी से मध्य बरसात हो सकती है।
पांच सितंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विभाग के राज्य स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में रविवार को हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, सोमवार से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही से तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। पांच सितंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की बढ़त दर्ज की गई।
कानपुर में 39 तो हमीरपुर 38 डिग्री पहुंचा पारा
सर्वाधिक तापमान कानपुर में 39.2 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में 38.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई। सबसे कम तापमान बरेली में 25.3 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 25.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में मौसम साफ रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।
वाराणसी में राहत की आस दिलाते चल दिए हैं बादल बंगाल से
वाराणसी में भीषण तपन व उमस भरी गर्मी से जनजीवन बेहाल है। दिन ही नहीं रातें भी प्रचंड गर्मी में लोगों को झुलसा रही हैं। ऐसे में रविवार को आसमान में दिखना शुरू हुए बादलों के टुकड़ों ने कुछ आस जगाई है बंगाल की खाड़ी में बने निम्न वायुदाब के क्षेत्र से उठी पुरवा हवा अपने संग बादलों का समूह लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने लगी है। संभावना है कि रविवार की शाम तक ये बादल कुछ करिश्मा कर जाएं।
