Coronavirus Lucknow Update: लोकबंधु में आठ गुना कम हुआ भर्ती कोरोना मरीजों का आंकड़ा, लगातार घट रही मरीजों की संख्या
लखनऊ में कोरोना संक्रमण घटने व होमआइसोलेशन के विकल्प के चलते लगातार घट रही भर्ती मरीजों की संख्या। लोकबंधु लेवल टू कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों का आंकड़ा करीब आठ गुना तक कम हो गया है। आइसीयू में कुल मिलाकर सिर्फ 25 मरीज भर्ती रहे।
लखनऊ, जेएनएन। लोकबंधु लेवल टू कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों का आंकड़ा करीब आठ गुना तक कम हो गया है। सोमवार को यहां लेवल-1, लेवल-टू व आइसीयू में कुल मिलाकर सिर्फ 25 मरीज भर्ती थे। जबकि पहले भर्ती मरीजों का आंकड़ा 200 के आसपास रहा करता था।
करीब एक हफ्ते से राजधानी में रोजाना संक्रमित होने वाले नए मरीजों का आंकड़ा सिर्फ तीन सौ के आसपास ही रह रहा है। इसमें से ज्यादातर मरीज होम आइसोलेशन को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। इस वजह से अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों का आंकड़ा लगातार घट रहा है। इससे डॉक्टर व स्टाफ समेत स्वास्थ्य विभाग भी राहत महसूस कर रहा है। करीब तीन महीने बाद लोकबंधु अस्पताल में इतने कम संख्या में कोरोना मरीज भर्ती हैं। लोक बंधु अस्पताल की सीएमएस डॉ अमिता यादव ने बताया कि गंभीर मरीजों की संख्या भी नाम मात्र के बराबर है। कुल भर्ती 25 मरीजों में सिर्फ दो-तीन मरीज ही आइसीयू में हैं। यहां लगे वेंटिलेटर भी मौजूदा समय में खाली पड़े हैं। जबकि पहले गंभीर मरीजों को वेंटिलेटर के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा था। उल्लेखनीय है कि पिछले 15 दिनों से निजी अस्पताल में भर्ती होने वाले कोरोना मरीजों की संख्या भी काफी हद तक कम हुई है। इसी वजह से स्वास्थ्य विभाग ने हाल ही में करीब आधा दर्जन सरकारी व निजी अस्पतालों को कोविड सूची से बाहर कर दिया था। अगर लोकबंधु अस्पताल में आने वाले दिनों में यह संख्या और गिरती है तो उसे भी कोविड की सूची से हटाया जा सकता है।