Weather: बारिश के साथ शुरू हुआ मई का महीना, श्रावस्ती में गिरे ओले; बाराबंकी में दो की मौत
Weather आंधी के साथ बारिश ने बदला मौसम। बारिश से आम की फसलों को नुकसान गन्ना और मक्का की फसल को फायदा होगा।
लखनऊ, जेएनएन। Weather: उत्तर प्रदेश में एक तरफ जहां कोरोना अपना कहर बरसा रहा है। वहीं, मौसम में भी बदलाव दिखाई पड़ रहा है। ठंडी हवा व बारिश की बूंदों से मई माह की शुरूआत हुई। देर रात करीब तीन बजे राजधानी लखनऊ में बारिश की बूंदों ने तपती धरा करो ठंडा कर दिया। बारिश की बूंदों से मौसम ठंडा बना रहा। वहीं, शुक्रवार की सुबह 10 बजे से सूर्य देव के दर्शन के बाद मौसम फिर से गर्म हो गया। उधर, राजधानी से सटे जिले श्रावस्ती में ओले गिरे। वहीं, बाराबंकी में गुरूवार की देर रात आंधी-पानी में दो लोगों की मौत हो गई। उधर, बहराइच, सीतापुर, बलरामपुर में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई। ऐसे में आम की फसलों के किसानों के ऊपर आफत टूट पड़ी। एक तरफ इससे गेहूं की मड़ाई प्रभावित हो सकती है। साथ ही सब्जियों की फसलों को भी नुकसान हुआ।
श्रावस्ती में गिरे ओले
श्रावस्ती तराई में शुक्रवार भोर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। ओले भी गिरे। झमाझम बारिश हो रही है। बैशाख में हो रही बारिश से खेती-किसानी चौपट हो गई है। किसानों की मुश्किलें बढ़ गईं। खेत में तैयार व कटी पड़ी गेहूं की फसल को घर तक लाना मुश्किल हो रहा है। किसानों को इस बार काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है।मेंथा व गन्ने की फसल के लिए बारिश मुफीद मानी जा रही है।
बहराइच में तीन घंटे हुई बारिश
बहराइच में शुक्रवार को भोर में तराई का मौसम अचानक बदल गया। तेज हवा के साथ लगभग तीन घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे गेहूं की मड़ाई प्रभावित हो सकती है और सब्जियों की फसलों को नुकसान। गन्ना और मक्का की फसल को इस बारिश से फायदा होगा। शहर के अलावा कैसरगंज, महसी तहसील में तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। किसानों का कहना है कि तेज हवाओं ने आम के फसल को बर्बाद किया है।
सीतापुर में बिजली गुल, पेड़ भी धराशाई
वहीं, सीतापुर में भोर आंधी पानी से जिले में काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली गुल हो गई है। तालगांव उप केंद्र के केबल लाइन में फॉल्ट होने से पूरे इलाके की बिजली गुल है। इसके अलावा जिले में आम की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। आंधी के कारण कई इलाकों में टिन शेड उखड़ गए हैं। महमूदाबाद बिसवां मार्ग पर काफी पेड़ भी धराशाई हो गए हैं।
बलरामपुर में बारिश, गन्ना और मक्का की फसल को फायदा
शुक्रवार भोर में मौसम अचानक बदल गया। तेज हवा व गरज के साथ भोर से ही बारिश हो रही है। बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गेहूं की मड़ाई का कार्य प्रभावित हो गया है। सब्जियों की फसलों को नुकसान। गन्ना और मक्का की फसल को इस बारिश से फायदा होगा। किसानों का कहना है कि तेज हवाओं ने आम के फसल को बर्बाद कर दिया है।