सुलतानपुर: वृद्धा को घायल कर बदमाशों ने आटा चक्की पर की लूटपाट, गंभीर हालत में रेफर
सुलतानपुर के मोतिगरपुर थानाक्षेत्र में लूट की घटनाएं बढ़ गई। बदमाशों ने आटा-चक्की पर सो रही वृद्धा को पीटकर अधमरा कर दिया और तिजोरी तोड़कर नकदी सहित बक्सा उठा ले गए। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
सुलतानपुर, जेएनएन। मोतिगरपुर थानाक्षेत्र में लूट की घटनाएं बढ़ गई। दो दिन पूर्व बदमाशों ने जहां एक घर के लोगों को बंधक बना जमकर लूटपाट की थी। वहीं बीती रात एक बार फिर बदमाशों ने दुस्सहासिक वारदात को अंजाम देते हुए पुलिस को चुनौती दी है। बदमाशों ने आटा-चक्की पर सो रही वृद्धा को पीटकर अधमरा कर दिया और तिजोरी तोड़कर नकदी सहित बक्सा उठा ले गए। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
थानाक्षेत्र के सुलतानपुरकला गांव में प्रमोद पांडेय की आटा-चक्की है। चक्की पर उनकी मां मुन्नी देवी रहती और वह अपने परिवार के साथ पचास मीटर दूर बने घर में रहते है। मंगलवार की रात वह मां को खाना देकर घर चल आए थे। सुबह चार बजे जब वह चक्की खोलने पहुंचे ताे बरामदे में उनकी मां घायल अवस्था में पड़ी मिली। अंदर जाकर देखा तो तिजोरी भी टूटी पड़ी थी। उन्होंने शोर मचाया, आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष शिवकुमार ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित के अनुसार तिजोरी में उसमें रखा बक्सा जिसमें दस हजार के लगभग नकदी रखी थी। पुलिस टीम घटना की छानबीन में जुट गई है। वहीं घटनास्थल पर सीओ जयसिंहपुर दलबीर सिंह व स्वाट टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया है।