Move to Jagran APP

UP में दिखने लगा मानसून का असर, डराने लगीं नदियां; कटान का खतरा भी मंडराया

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का असर दिखने लगा है। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से गुरुवार को नदियों का जलस्तर और बढ़ गया।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Thu, 11 Jul 2019 09:37 PM (IST)Updated: Fri, 12 Jul 2019 07:50 AM (IST)
UP में दिखने लगा मानसून का असर, डराने लगीं नदियां; कटान का खतरा भी मंडराया
UP में दिखने लगा मानसून का असर, डराने लगीं नदियां; कटान का खतरा भी मंडराया

लखनऊ, जेएनएन उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का असर दिखने लगा है। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से गुरुवार को नदियों का जलस्तर और बढ़ गया। बहराइच, बलरामपुर और बाराबंकी जिले के तटवर्ती गांवों में बाढ़ के साथ कटान का खतरा भी मंडराने लगा है। हालांकि प्रशासन ने बचाव के लिए अलर्ट का दावा किया है।

loksabha election banner

सबसे ज्यादा खराब स्थिति बहराइच की है। वहां नेपाल में हो रही बारिश का असर देखा जा रहा है। सरयू नदी उफान पर है। जिले के शिवपुर ब्लॉक के 24 गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। मिहीपुरवा के तीन गांवों में पानी घुस गया है। घाघरा भी एक सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। एसडीएम महसी ने तटवर्ती गांवों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।

बलरामपुर में बारिश से पहाड़ी नाले में बाढ़ आ गई है। जिले के 30 से अधिक गांव पानी से घिर गए हैं। राप्ती नदी खतरे के निशान 103.620 से 88 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। तुलसीपुर-गौरा मार्ग समेत कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित हैं। कुछ स्थलों पर नाव लगाकर ग्रामीणों के आवागमन की व्यवस्था की गई है। 

बाराबंकी में घाघरा नदी का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ रहा है। नदी की कटान रामनगर क्षेत्र के कचनापुर, कोरिनपुरवा, जियनपुरवा, सिरौलीगौसपुर के ग्राम टेपरा व तेलियानी में हो रही है। श्रावस्ती में राप्ती नदी खतरे के निशान से पांच सेमी ऊपर बह रही है। कई अन्य प्रमुख रास्तों का आवागमन ठप हो गया है।

कानपुर में दिन भर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। कानपुरवासियों को पसीना छुड़ाने वाली गर्मी से राहत मिल गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। 

पूर्वांचल में पिछले चार दिनों से जमकर बारिश हो रही है। इससे नदियों के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। साथ ही मकान व पेड़ गिरने से जनहानि भी हो रही है। जौनपुर, आजमगढ़ और चंदौली में मकान गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। गोरखपुर में सोमवार शाम से शुरू हुआ मानसूनी बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर गुरुवार को भी जारी रहा। आगरा में सुबह से बादल तो छाए रहे, दोपहर में धूप भी निकली। मथुरा में शाम को फरह क्षेत्र में हल्की बारिश हुई मगर अन्य क्षेत्रों में बादल छाए रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.