शब्बीरपुर हिंसा को लेकर भूख हड़ताल पर बैठी महिलाओं की हालत बिगड़ी
चंद्रशेखर उर्फ रावण पर रासुका हटवाने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी महिलाओं की भूख हड़ताल जारी रही। शनिवार को दो महिलाओं की हालत बिगड़ गई।
सहारनपुर (जेएनएन)। चंद्रशेखर उर्फ रावण, प्रधान शिवकुमार और सोनू पर लगी रासुका हटवाने की मांग को लेकर रामनगर में दूसरे दिन भी महिलाओं की भूख हड़ताल जारी रही। शनिवार को दो महिलाओं की हालत बिगड़ गई, लेकिन दोनों ने अस्पताल जाने से इन्कार कर दिया। उधर, शब्बीरपुर के रविदास मंदिर में आठ नवंबर से चल रही भूख हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। सुबह तीन महिलाओं की हालत बिगडऩे पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
रामनगर गांव में हड़ताल पर बैठीं महिलाओं में सुबह फूलमती व बबीता की हालत बिगड़ गई, लेकिन उन्होंने अस्पताल जाने से मना कर दिया। शब्बीरपुर में भीम आर्मी के बैनर तले हड़ताल पर बैठी सोमपाली, रामरती सहित तीन महिलाओं की हालत खराब हो गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। भीम आर्मी के नगर अध्यक्ष प्रवीण गौतम ने कहा कि 24 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंह रैली के लिए यहां आने वाले हैं। उस दिन काला दिवस मनाया जाएगा। इस बीच जिला जेल में बंद भीम आर्मी जिला अध्यक्ष कमल वालिया व राष्ट्रीय प्रवक्ता मंजीत नौटियाल के भूख हड़ताल खत्म होने की खबर बाहर आई थी, मगर भीम आर्मी का दावा है कि हड़ताल जारी है।