बहराइच : छह माह से लापता युवक का सड़ागला शव ससुराल स्थित तालाब से बरामद
लखनऊ 11 साल पहले हुआ था विवाह। पत्नी से हमेशा होता था विवाद।
बहराइच, जेएनएन। पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सेवा संभाल से छह माह से गायब 25 वर्षीय युवक की उसकी ससुराल में एक तालाब में कटी, सड़ी लाश मिली। मृतक के परिवारजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या कर लाश छिपाने का लगाया है।
ग्राम काली मिसिर पुरवा निवासी सुरेश वर्मा पुत्र मंगरी वर्मा का विवाह 11 वर्ष पूर्व गुल्ले के लड़की रीता देवी से हुआ था। पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। छह माह पूर्व मृतक सुरेश अपने साले मगनी की मोटरसाइकिल मांग कर लाया था। उसे वापस करने जब ससुराल सेवा संभाल गया, फिर वहां से अपने घर वापस नहीं लौटा। परिवारजनों ने काफी खोजबीन की। इसके साथ ही 21 जनवरी 2020 को पयागपुर थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बीती शाम कोनरी गांव के एक तालाब में जब मछुआरे मछली का शिकार करने गए तो लाश को देखकर सूचना चारों तरफ फैला दी।
जानकारी मिलते ही थाना पयागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कपड़े से सुरेश की पहचान की गई। मृतक के पिता मंगरी वर्मा ने ससुराली जनों में सास, साले तथा मृतक की पत्नी रीता व दो अन्य लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया की पहले से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।