Weather in UP: मौसम ने भी दिखाया ‘36 का आंकड़ा’, लॉक ने किया प्रदूषण डाउन
Weather in UP आज तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना शुक्रवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा प्रयागराज यहां पारा 40 पार।
लखनऊ, जेएनएन। Weather in UP: कोरोना से लड़ाई के बीच मौसम ने भी रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम गर्म होने लगा है और शुक्रवार को उसने 36 डिग्री के आंकड़े को छू लिया। आसमान साफ है और सुबह से ही तेज धूप तपिश का अहसास करा रही थी। दोपहर होते-होते गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई, जिसके चलते अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम आगे भी शुष्क रहने की उम्मीद है, जिसके चलते तापमान में लगातार वृद्धि होगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान प्रयागराज रहा जहां तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। वही बांदा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा।
लॉक ने किया प्रदूषण डाउन
लॉकडाउन के चलते शहर की हवा को प्रदूषण से राहत मिली है । वाहनों का आवागमन लगभग बंद है। ईंट-भट्टा सहित औद्योगिक इकाइयां भी बंद हैं, इन सबका नतीजा शहर की प्राणवायु पर अच्छा दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 88 रिकॉर्ड किया गया। यह गुरुवार की अपेक्षा 10 प्वाइंट कम रहा। बीती 26 मार्च से एक्यूआइ में भारी कमी रिकॉर्ड की गई है। दो अप्रैल को एक्यूआइ बढ़कर 111 रिकॉर्ड किया गया था, लेकिन बाकी दिनों में 58 से 100 के बीच में रिकॉर्ड किया गया।