बाराबंकी में सामूहिक दुष्कर्म के बाद हुई थी किशोरी की हत्या, दूसरा आरोपित भी गिरफ्तार
सतरिख थाना क्षेत्र निवासी किशोरी 14 अक्टूबर को धान काटने गई थी। जहां उसके साथ दुष्कर्म की बाद हत्या कर दी गई थी। पिता की तहरीर पर दर्ज किए गए हत्या के मुकदमे में पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी थी।
बाराबंकी, जेएनएन। सतरिख क्षेत्र की किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। किशोरी के शिकायत करने की बात कहने पर दोनों ने उसकी हत्या की थी। सनसनीखेज वारदात में शामिल दूसरे आरोपित को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब इस मुकदमे में पुलिस ने एससी एसटी एक्ट व सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी है। यह जानकारी जिलाधिकारी डॉ. आर्दश सिह और प्रभारी एसपी आरएस गौतम ने शनिवार को संयुक्त प्रेस वार्ता में दी।
सतरिख थाना क्षेत्र निवासी किशोरी 14 अक्टूबर को धान काटने गई थी। जहां उसके साथ दुष्कर्म की बाद हत्या कर दी गई थी। पिता की तहरीर पर दर्ज किए गए हत्या के मुकदमे में पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी थी। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले सतरिख के पिपरी टोला मजरे सेठमऊ निवासी दिनेश गौतम को गिरफ्तार कर 16 अक्टूबर को जेल भेजा था। शुक्रवार देर रात को ही पुलिस ने इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आराेपित ऋषिकेश सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी एसपी ने बताया कि पहले पकड़े गए दिनेश से मिली जानकारी के आधार पर दूसरे आरोपित को गिरफ्तार किया है। मुकदमे में एससी एसटी एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी गई है। अभी तक हुई जांच में वारदात में दो ही लोगों के शामिल होने की पुष्टि हुई है।
यह है घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार 14 अक्टूबर की को दिनेश जब अपनी बहन की दवा लेकर लौटा तो ऋषिकेश ने उसे बताया कि किशोरी खेत में अकेली है। इसके बाद दोनों ने खेत में पहुुंचकर किशोरी के साथ दंरिंदगी की और मौत के घाट उतार दिया। अब इस मुकदमे की विवेचना सीओ सदर को सौंपी गई है।
बना राशन व जॉब कार्ड
डीएम ने बताया कि मृतका के पिता का मनरेगा के तहत जॉब कार्ड बना है, जिसमें उसने मजदूरी भी की है और अन्त्योदय कार्ड भी बना है। जिस पर अक्टूबर माह का बीस किलो राशन भी लिया गया था। मुकदमे में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद परिवार को रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष योजना के तहत धनराशि दिलाई जाएगी।