सफाई कर्मचारी से पूरे माह का वेतन देने के लिए मांगे थी रिश्वत, पकड़ा गया नगर निगम सुपरवाइजर
लखनऊ में सफाईकर्मी को अनुपस्थित न दर्शाकर पूरे माह का वेतन देने को मांगे थे सुपरवाइजर ने आठ हजार। भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने गिरफ्तार किया गिरफ्तार।
लखनऊ, जेएनएन। नगर निगम में एक सफाई कर्मचारी को अनुपस्थित रहने के बावजूद पूरे माह का वेतन देने के एवज में आठ हजार की रिश्वत मांग रहे सुपरवाइजर को भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने गिरफ्तार किया। सुपरवाइजर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उसे आलमबाग पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने सुपरवाइजर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
राजेंद्रनगर स्थित नगर निगम के जोन दो में आशीष कुमार वाल्मीकि सुपरवाइजर के पद पर तैनात है। आशीष नगर निगम के दस्तावेजों में हेरफेर कर अनुपस्थित कर्मचारियों की उपस्थित दर्शाकर उनको पूरे माह का वेतन दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगता था। सफाई कर्मचारी कैलाश अनुपस्थित हो गया था, जिसे उपस्थित दिखाकर पूरे माह का वेतन दिलाने के लिए सुपरवाइजर आशीष कुमार वाल्मीकि ने आठ हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस पर कैलाश ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन में इसकी शिकायत कर दी थी। संगठन के वरिष्ठ उपाधीक्षक व ट्रैप टीम प्रभारी उपेंद्र कुमार यादव ने इस शिकायत की जांच की। बुधवार दोपहर करीब एक बजे उनकी टीम कैलाश के साथ राजेंद्रनगर पहुंची। यहां ढाल के पास आशीष कुमार वाल्मीकि पहुंचा और कैलाश से आठ हजार रुपये मांगने लगा। जैसे ही कैलाश ने आठ हजार रुपये दिए, भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने सुपरवाइजर को पकड़ किया।