लखनऊ विश्वविद्यालय में अंग्रेजी बोलना सीखेंगे विधि संकाय के विद्यार्थी, दस मार्च से चलेगी स्पेशल क्लास
Lucknow University लखनऊ विश्वविद्यालय में विधि संकाय के विद्यार्थी अब अंग्रेजी बोलना सीखेंगे। आगामी दस मार्च से अंग्रेसी की अलग से क्लास शुरू हो जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि एलएलबी में कई छात्र ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके लिए यह क्लास बेहद जरूरी है।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। लखनऊ विश्वविद्यालय का विधि संकाय अपने विद्यार्थियों को अंग्रेजी बोलने की ट्रेनिंग देगा। यही नहीं, कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल कक्षाओं की भी शुरुआत की जाएगी। आगामी 10 मार्च से इसे शुरू करने की योजना बनाई गई है। यह कक्षाएं पूरी तरह से निशुल्क होंगी। गुरुवार को विधि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. सीपी सिंह ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
प्रो. सीपी सिंह ने बताया कि एलएलबी में तमाम ऐसे विद्यार्थी भी हैं जो ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्हें अंग्रेजी बोलने में दिक्कत होती है। इसलिए तय किया गया है कि इंग्लिश स्पीकिंग कक्षाएं शुरू की जाएं। विधि के जो भी विद्यार्थी इच्छुक हैं, वे इसमें शामिल हो सकते हैं। इनकी कक्षाएं दोपहर दो बजे से दो घंटे लगेंगी। इसके अलावा रेमेडियल कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी। इसका समय सुबह नौ बजे से रहेगा। इसमें ज्यूडिशिरी की तैयारी करने वाले विद्यार्थी भी शामिल हो सकते हैं।
आज से होगी रिवीजन क्लासः विधि संकाय में शुक्रवार से एलएलबी तृतीय वर्ष और एलएलबी पांचवें वर्ष के प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए रिवीजन क्लास की शुरुआत होगी। जिन विद्यार्थियों को कोर्स से जुड़ी कोई समस्या है या जो आफलाइन कक्षाओं में नहीं आ पाए हैं, वे शामिल होकर तैयारी कर सकते हैं। इस संबंध में अधिष्ठाता विधि संकाय प्रो. सीपी सिंह ने शिक्षकों के लिए समय सारिणी जारी कर दी। उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम पूरा हो चुका है। अब रिवीजन कक्षाएं शुरू होंगी। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं की कोर्स से जुड़ी दिक्कतों को दूर करना है। विधि संकाय के शिक्षक सुबह नौ बजे से कक्षाएं लेंगे। प्रत्येक कक्षा का समय एक घंटे तय किया गया है। इच्छुक विद्यार्थी समय सारिणी के अनुसार रिवीजन क्लास में शामिल हो सकते हैं। रोजाना छह पीरियड लगेंगे।
फिर डीन से मिलने पहुंचे फेल छात्रः एलएलबी आनर्स (सातवें सेमेस्टर) पाठ्यक्रम में फेल हुए छात्र गुरुवार को फिर से अधिष्ठाता विधि संकाय प्रो. सीपी सिंह से मिलने पहुंचे। छात्रों का कहना था कि एडिशनल प्राक्टर ने दो दिन में समस्याएं दूर करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। नवीन परिसर में कोई सुनवाई नहीं हो रही है, इसलिए शुक्रवार को कुलपति से मिलने प्रशासनिक भवन जाएंगे। अधिष्ठाता विधि संकाय प्रो. सीपी सिंह का कहना है कि इन छात्रों के मामले को दिखवाया जा रहा है, जो भी निर्णय होगा, बताया जाएगा। गौरतलब है कि सातवें सेमेस्टर में 40 फीसद छात्र-छात्राएं फेल हुए हैं।