त्रिवेणी और सियालदह एक्सप्रेस पर पथराव, 12 घायल
त्रिवेणी और सियालदह एक्सप्रेस पर दबंगों ने पथराव कर दिया। जिससे लोको पायलट (ट्रेन ड्राइवर) और यात्री घायल हो गए। उनका बरेली-रोजा जंक्शन पर इलाज किया गया। क्षतिग्रस्त रेल इंजन बदलकर सियालदह रवाना की गई।
लखनऊ। त्रिवेणी और सियालदह एक्सप्रेस पर दबंगों ने पथराव कर दिया। जिससे लोको पायलट (ट्रेन ड्राइवर) और यात्री घायल हो गए। उनका बरेली-रोजा जंक्शन पर इलाज किया गया। क्षतिग्रस्त रेल इंजन बदलकर सियालदह रवाना की गई।
आज दोपहर जम्मूतवी से कोलकाता जाने वाली 13152 सियालदह एक्सप्रेस 70 किमी की रफ्तार से रामपुर-बरेली के बीच गुजर रही थी। इसी दौरान दुगनपुर स्टेशन के पास दबंगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से इंजन का शीशा टूट गया। जनरल कोच में सवार राकेश, सुशील और नेतराम घायल हो गए। लोको पायलट ने कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद बरेली जंक्शन पर सियालदह लोको पायलट लक्ष्मी नारायण और यात्रियों का इलाज किया गया। इंजन बदल कर ट्रेन को यहां से रवाना किया गया।
इसके अलावा इलाहाबाद के सिंगरौली से बरेली लौटने वाली 14369 त्रिवेणी एक्सप्रेस पर कहेलिया स्टेशन के पास पथराव हो गया। लोको पायलट साजिद अली समेत आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायल लोको पायलट ने रोजा जंक्शन पर ट्रेन रोक दी और इलाज के बाद आगे बढ़े। इससे ट्रेन 20 मिनट खड़ी रही। इंस्पेक्टर आरपीएफ रामपुर पीएस बिष्ट ने बताया कि पथराव की सूचना मिली थी। मैं गाजियाबाद में हूं, इसलिए ज्यादा जानकारी नहीं।
कुशीनगर एक्सप्रेस में किशोरी से छेड़छाड़
कुशीनगर एक्सप्रेस के एसी कोच में मुंबई से बस्ती जाने के लिए यात्रा कर रहे एक परिवार की किशोरी के साथ कोच अटेंडेंट ने छेड़खानी की। घटना आज भोर करीब तीन बजे ट्रेन के अमौसी (लखनऊ) के पास पहुंचने पर हुई। किशोरी के शोर मचाने पर सो रहे परिवारीजन जाग गए और कोच अटेंडेंट अमरनाथ उर्फ अमित को पकड़ लिया। घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दिए जाने के बाद ट्रेन के गोंडा पहुंचते ही जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अमरनाथ गोरखपुर के चौरी चौरा क्षेत्र के लक्ष्मनपुर का निवासी है। मामले की विवेचना लखनऊ जीआरपी को हस्तांतरित कर दी गई है। आरोपी को रेलवे मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। पीडि़ता के परिवार को लखनऊ में ही ट्रेन छोडऩी पड़ी।